उत्तर प्रदेश के एक गांव में नीट परीक्षा के तनाव में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। परिवार वालों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छात्रा दो भाइयों की इकलौती बहन थी
नीट परीक्षा के बाद से ही छात्रा भविष्य को लेकर तनाव में चल रही थी। छात्रा दो भाइयों की इकलौती बहन थी। उसका बड़ा भाई 2021 में नीट परीक्षा क्वालीफाई कर एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुका है और वर्तमान में देवरिया के एक अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, छात्रा हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा में शामिल हुई थी।
नीट परीक्षा के परिणाम के तनाव में थी छात्रा
वह पढ़ाई में बेहद मेहनती थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। उसके पिता सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे थे। परीक्षा के बाद से ही वह परिणाम और अपने भविष्य को लेकर तनाव में चल रही थी।
अपनी किताब पर संदेश छोड़ा
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने जब छात्रा के कमरे की जांच की, तो उसकी नीट परीक्षा की प्रश्न पुस्तिका पर एक भावुक संदेश लिखा मिला। छात्रा ने लिखा था, 'मेरे से कुछ नहीं हो सकता मेरे भइया।' पुलिस ने प्रश्न पुस्तिका को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है। इस मामले में कोतवाली के प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रश्न पुस्तिका पर लिखे नोट व अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही।
Written by: Archana Gupta