यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना नहीं बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक गंभीर खुलासा है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी जिंदगी के उस दौर के बारे में खुलकर बात की, जब वह मानसिक और शारीरिक दोनों स्तर पर बेहद मुश्किल हालात से गुजर रहे थे।
बाइपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे हनी सिंह
हनी सिंह ने बताया कि एक समय ऐसा आया जब वह बाइपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे और उन्हें लगातार यह डर सताता रहता था कि उनकी मौत होने वाली है। उस दौर में स्टेज पर जाने से लेकर परफॉर्म करने तक, हर चीज से उन्हें डर लगने लगा था। उन्होंने यह भी साझा किया कि एक बार उन्होंने जानबूझकर अपना सिर आधा मुंडवा लिया था ताकि उन्हें शो में परफॉर्म न करना पड़े, लेकिन फिर भी टीम ने उन्हें कैप पहनाकर स्टेज पर भेज दिया।
धीरे-धीरे और बिगड़ती गई हालात
हनी सिंह ने कई सालों तक खुद को लोगों से दूर कर लिया, फोन, टीवी और इंटरनेट तक से दूरी बना ली। एक समय तो उन्हें यह भी महसूस होने लगा कि जैसे वह पहले ही मर चुके हों। लंबे समय तक चली दवाइयों और इलाज का भी खास असर नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपना इलाज और डॉक्टर दोनों बदले। इसके बाद कुछ ही हफ्तों में उनकी स्थिति में सुधार आने लगा और वह धीरे-धीरे सामान्य जीवन में लौटे।
बीमारी की वजह से काफी बढ़ गया था वजन
हनी सिंह ने यह भी बताया कि लंबे समय तक दवाइयों के असर और बीमारी की वजह से उनका वजन काफी बढ़ गया और उनके बाल भी झड़ गए, जिसके कारण वह अब विग पहनते हैं और खुद को पूरी तरह गंजा बताया। कठिन दौर से बाहर आने के बाद उन्होंने म्यूजिक में वापसी की और कमबैक के बाद उनके गाने फिर से फैंस के बीच लोकप्रिय होने लगे।
Written By Toshi Shah