NEET-UG 2026 को लेकर एक बार फिर पेपर लीक की चर्चाएं सोशल मीडिया पर तेज हो गईं। परीक्षा आयोजित होने के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो वायरल होने लगा, जिसमें दावा किया गया कि NEET-UG 2026 का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। हालांकि, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इन दावों को पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताया है।

वायरल वीडियो में NEET परीक्षा के निष्पक्षता पर उठे सवाल

दरअसल, एक्स पर मोहम्मद नौमान नाम के एक यूजर ने वायरल वीडियो साझा करते हुए इसकी सत्यता की जांच की मांग की। यूजर ने अपने पोस्ट में कहा कि इंटरनेट पर उपलब्ध इस वीडियो को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे छात्रों और अभिभावकों के बीच कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। साथ ही, टेलीग्राम पर कुछ चैनलों पर लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

एजेंसी ने क्या कहा?

वायरल वीडियो के सामने आने के बाद NTA ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए आधिकारिक बयान जारी किया। एजेंसी ने कहा कि NEET-UG 2026 परीक्षा व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। NTA के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा वीडियो पूरी तरह से मनगढ़ंत है और उसमें किया गया पेपर लीक का दावा सत्य नहीं है।

जिम्मेदार लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: NTA

NTA ने अपने बयान में यह भी कहा कि छात्रों को भ्रमित करने, उनमें भय पैदा करने या परीक्षा प्रणाली पर अविश्वास उत्पन्न करने के उद्देश्य से इस प्रकार की झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाना एक गंभीर अपराध है। एजेंसी ने बताया कि वह भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) तथा अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से इस फर्जी सामग्री के स्रोतों की पहचान कर रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NTA ने छात्रों को अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की

इस बीच, NTA ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।

20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में लिया हिस्सा

गौरतलब है कि 21 जून को आयोजित NEET-UG पुनर्परीक्षा में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। पिछले वर्ष पेपर लीक विवाद के कारण परीक्षा प्रणाली पर कई सवाल उठे थे। ऐसे में इस बार परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि विभिन्न सरकारी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की बदौलत इतने बड़े स्तर की परीक्षा को रिकॉर्ड समय में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका।

 Written By: Geeta Sharma