फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर शानदार शुरुआत की। इस जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान हैरी केन रहे, जिन्होंने दो अहम गोल दागकर टीम की सफलता में निर्णायक योगदान दिया। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में दो गोल करने के साथ केन ने अपना नाम उन चुनिंदा स्टार खिलाड़ियों की सूची में दर्ज करा लिया, जिन्होंने विश्व कप अभियान की शुरुआत शानदार प्रदर्शन के साथ की है।

रोनाल्डो को पीछे छोड़ने की ओर बढ़े केन

हैरी केन का विश्व कप रिकॉर्ड लगातार बेहतर होता जा रहा है। जहां क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने विश्व कप करियर में 23 मैचों में 8 गोल किए हैं, वहीं केन ने सिर्फ तीन विश्व कप संस्करणों में ही 10 गोल पूरे कर लिए हैं। क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 12वें और 42वें मिनट में गोल किए। इंग्लैंड की ओर से अन्य दो गोल जूड बेलिंघम और मार्कस रैशफोर्ड ने किए, दूसरी ओर, क्रोएशिया ने मुकाबले में वापसी की पूरी कोशिश की और दो बार गोल करने में भी सफल रहा, लेकिन इंग्लैंड के आक्रामक खेल के सामने उसकी चुनौती टिक नहीं सकी।

60 साल बाद दोबारा दिखी ऐसी जीत

यह मुकाबला इंग्लैंड के लिए ऐतिहासिक भी साबित हुआ। विश्व कप इतिहास में लगभग छह दशक बाद इंग्लैंड ने किसी मैच में 4-2 के अंतर से जीत दर्ज की है। इससे पहले 1966 के विश्व कप में टीम ने इसी स्कोर से पश्चिम जर्मनी को हराया था।

तीन अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी

केन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह इंग्लैंड के पहले फुटबॉलर बन गए हैं जिन्होंने लगातार तीन अलग-अलग विश्व कप टूर्नामेंट में कम से कम एक गोल किया है। उन्होंने 2018 में 6 गोल किए थे, 2022 में 2 गोल दागे थे और अब 2026 के पहले ही मैच में दो गोल कर चुके हैं।

डेविड बेकहम के क्लब में शामिल

हैरी केन इंग्लैंड के लिए तीन अलग-अलग विश्व कप संस्करणों में गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि डेविड बेकहम ने हासिल की थी, जिन्होंने 1998, 2002 और 2006 विश्व कप में गोल किए थे।

आगे और रिकॉर्ड बनाने का मौका

इंग्लैंड ने अभी टूर्नामेंट में केवल एक मैच खेला है, इसलिए केन के पास कई नए कीर्तिमान स्थापित करने का अवसर मौजूद है। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उम्मीद की जा सकती है कि विश्व कप 2026 के अंत तक वह इंग्लैंड के सबसे सफल विश्व कप खिलाड़ियों में अपनी जगह और मजबूत कर सकते हैं।

 

Written By Toshi Shah