भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में NH-719 पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। छीमका गांव के पास मजदूरों से भरी पिकअप और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 32 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे और मध्य प्रदेश के डबरा-चीनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद मजदूर पिकअप लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर छीमका मोड़ के पास रात करीब 1 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर गोवंश बैठा था। उसे बचाने के प्रयास में मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार कई मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में 5 की मौत, रास्ते में 3 ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 5 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल करीब 26 लोगों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
कई घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल मजदूरों का इलाज ग्वालियर समेत अलग-अलग अस्पतालों में कराया जा रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की तस्वीरें और मौके की स्थिति टक्कर की भयावहता बयां कर रही है। पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे ने खड़े किए कई सवाल
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में सड़क पर बैठे गोवंश को बचाने के दौरान पिकअप के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर NH-719 पर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर आवारा गोवंश की मौजूदगी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक साथ कई मजदूरों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्यप्रदेश के भिंड में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में लखीमपुर खीरी के मजदूरों की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से मध्यप्रदेश सरकार व स्थानीय प्रशासन से समन्वय (संवाद) स्थापित करने का निर्देश दिया है। इतना ही नहीं इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक मजदूर के परिजनों को ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए सभी नागरिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।
और पढ़ें: 24 दिन तक डटे रहे छात्र, आखिर झुकी हेमंत सरकार; JSSC-CGL रद्द, फिर भी क्यों खत्म नहीं हुआ आंदोलन?
Written by Shailesh Yadav