प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। 14 जून की रात वह राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। होटल पहुंचने पर बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग मौजूद थे। लोगों ने "मोदी-मोदी" और "भारत माता की जय" के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। भारतीय समुदाय के लोगों में प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
स्लोवाकिया में प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी के साथ स्वागत
स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक स्लोवाक रीति के अनुसार ब्रेड और नमक भेंट किया गया। यह सम्मान वहां की संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर इस सम्मान को स्वीकार किया। स्वागत की इस अनोखी परंपरा ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
ब्रेड और नमक के साथ क्यों किया जाता है स्वागत
स्लोवाक संस्कृति में ब्रेड और नमक के साथ अतिथि का स्वागत करना सम्मान, सद्भावना और मेहमाननवाजी का प्रतीक माना जाता है। स्लाव परंपराओं में यह रिवाज सदियों पुराना है। मान्यता है कि ताजा बनी ब्रेड समृद्धि, जीवन-निर्वाह और धरती की नेमतों को साझा करने का प्रतीक है, जबकि नमक मित्रता, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। किसी सम्मानित अतिथि को ब्रेड और नमक भेंट करना वहां सर्वोच्च सम्मान देने के समान समझा जाता है।
कई देशों में ब्रेड और नमक के साथ अतिथि का स्वागत की परंपरा
यह परंपरा केवल स्लोवाकिया तक सीमित नहीं है। रूस, यूक्रेन, पोलैंड और सर्बिया जैसे कई पूर्वी यूरोपीय देशों में भी मेहमानों का स्वागत इसी तरह किया जाता है। इन देशों में यह रिवाज अतिथि के प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है।
कई मायनों में ऐतिहासिक है प्रधानमंत्री का यह दौरा
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक है। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक यात्रा है। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऑटोमोबाइल और रेलवे क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त किया आभार
स्लोवाकिया पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर भारतीय समुदाय के स्नेह और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।
Yesterday evening’s welcome in Bratislava was truly special.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 15, 2026
I am grateful to the Indian community for their warmth and affection. Such gestures reflect the enduring bonds that connect our people and strengthen the India-Slovakia friendship. pic.twitter.com/R49NpexLMg
वहीं, प्रसिद्ध स्लोवाक सांस्कृतिक समूह लुसनिका एन्सेम्बल ने "वंदे मातरम्" की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और विशेष बना दिया। भारतीय संस्कृति और स्लोवाक लोक परंपराओं के इस सुंदर संगम ने दोनों देशों की मित्रता को नई मजबूती प्रदान की।
Written By: Geeta Sharma