Gold Silver Price Today 23 August 2026: सोने और चांदी की कीमतों ने इस हफ्ते बाजार में हलचल बढ़ा दी है। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही दोनों कीमती धातुओं के भाव तेजी से ऊपर चढ़े हैं। 24 कैरेट सोना एक सप्ताह में करीब 8,257 महंगा होकर 1.60 लाख प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है। वहीं, चांदी की कीमत में भी करीब 12,788 प्रति किलो का उछाल आया है।
तेजी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सोने-चांदी के दाम अभी और बढ़ेंगे? अगर घर में शादी या त्योहार के लिए खरीदारी करनी है तो क्या अभी खरीद लेना बेहतर होगा या कुछ दिन इंतजार करना चाहिए? आइए पहले जानते हैं इस सप्ताह बाजार में कीमतों का पूरा हाल।
एक हफ्ते में सोने के भाव में बड़ा उछाल
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत सप्ताह की शुरुआत में 1,52,363 प्रति 10 ग्राम थी। सप्ताह के अंत तक यह बढ़कर 1,60,620 प्रति 10 ग्राम हो गई।यानी महज एक सप्ताह में सोना 8,257 प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ है। 19 अगस्त की सुबह सोने का भाव 1,52,884 प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा, जबकि 21 अगस्त की शाम तक यह सप्ताह के उच्चतम स्तर ₹1,60,620 पर पहुंच गया।
22 और 18 कैरेट सोना भी हुआ महंगा
तेजी सिर्फ 24 कैरेट सोने तक सीमित नहीं रही। 22 कैरेट सोने का भाव भी 1,39,565 से बढ़कर 1,47,128 प्रति 10 ग्राम हो गया।इसी तरह 18 कैरेट सोने की कीमत 1,14,272 से बढ़कर 1,20,465 प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। यानी कम शुद्धता वाले सोने में भी इस सप्ताह अच्छी-खासी तेजी देखने को मिली।
दिल्ली में सोना 1.63 लाख के पार
दिल्ली के बाजार में भी सोने की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। 21 अगस्त को 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,200 की बढ़त के साथ करीब 1,63,500 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।चांदी की कीमत भी यहां 2.50 लाख प्रति किलो तक पहुंच गई। सिर्फ एक दिन में चांदी करीब 5,000 महंगी हुई, जबकि दो दिनों के दौरान इसकी कीमत में लगभग 15,000 का उछाल देखने को मिला।ध्यान रखें कि IBJA के रेट और किसी स्थानीय बाजार में मिलने वाली कीमत अलग हो सकती है। स्थानीय कीमत में टैक्स, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क का असर पड़ सकता है।
चांदी की कीमत में भी रिकॉर्ड तेजी
सोने के साथ चांदी ने भी इस सप्ताह निवेशकों का ध्यान खींचा। IBJA के अनुसार, चांदी का भाव 2,33,842 प्रति किलो से बढ़कर 2,46,630 प्रति किलो पहुंच गया।इस हिसाब से एक सप्ताह में चांदी करीब 12,788 प्रति किलो महंगी हुई। 19 अगस्त की सुबह इसका भाव 2,27,392 प्रति किलो के आसपास था, जबकि 21 अगस्त की शाम तक यह बढ़कर 2,46,630 प्रति किलो के साप्ताहिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
आखिर सोना और चांदी इतनी तेजी से क्यों चढ़ रहे हैं?
बाजार की तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां अहम भूमिका निभा रही हैं। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी और डॉलर की कमजोरी से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिला है।आमतौर पर जब डॉलर कमजोर होता है और वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशक सुरक्षित माने जाने वाले एसेट की ओर रुख करते हैं। सोना इसी वजह से मुश्किल समय में निवेशकों की पसंद बना रहता है।इसके अलावा निवेश मांग, करेंसी मार्केट में उतार-चढ़ाव और बॉन्ड मार्केट की गतिविधियां भी सोने-चांदी की कीमतों पर असर डाल रही हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल- अभी खरीदें या करें इंतजार?
त्योहारों का सीजन सामने है और भारत में इस दौरान सोने की खरीदारी बढ़ जाती है। रक्षाबंधन और दिवाली जैसे मौकों पर ज्वैलरी की मांग में तेजी आना आम बात है। ऐसे में अगर कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो खरीदारों की चिंता और बढ़ सकती है।अगर खरीदारी शादी, त्योहार या किसी जरूरी जरूरत के लिए करनी है, तो केवल बाजार के एक-दो दिन के उतार-चढ़ाव के आधार पर फैसला लेने के बजाय अपनी जरूरत और बजट को प्राथमिकता देना बेहतर रहेगा।