अमेरिका के एरिजोना राज्य में अपनी 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी 20 वर्षीय भारतीय छात्र वरुण बाचीगारी को जर्मनी में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वरुण कथित हत्या के बाद अमेरिका से निकलकर भारत जाने की कोशिश कर रहा था। वह जर्मनी के रास्ते भारत पहुंचने वाली फ्लाइट में सवार हुआ था, लेकिन कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने से पहले ही जर्मन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
टक्सन में हुई थी 19 वर्षीय युवती की मौत
मामला एरिजोना के टक्सन शहर का है। आरोप है कि 6 अगस्त को एक अपार्टमेंट में वरुण ने अपनी गर्लफ्रेंड जुलिसा रूबी सालाजार की हत्या कर दी। पुलिस को घटना की जानकारी युवती के परिजनों की ओर से मिली, जिसके बाद टक्सन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को वरुण पर हत्या का संदेह हुआ। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद वह अमेरिका से बाहर निकल गया और भारत जाने की कोशिश में जर्मनी के लिए रवाना हो गया।
जर्मनी में ऐसे पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वरुण टक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा और जर्मनी जाने वाली फ्लाइट में सवार हो गया। उसका कथित तौर पर आगे जर्मनी से भारत जाने का कार्यक्रम था। हालांकि, जर्मनी पहुंचने के बाद वह भारत के लिए अगली उड़ान पकड़ पाता, उससे पहले ही स्थानीय अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में टक्सन पुलिस और FBI ने जर्मन अधिकारियों के साथ समन्वय किया। अमेरिकी अधिकारी अब वरुण को वापस अमेरिका लाने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं। इसके लिए प्रत्यर्पण संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
रिश्ते में तनाव और उत्पीड़न के आरोप
मामले से जुड़ी रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जुलिसा वरुण के साथ अपना रिश्ता खत्म करना चाहती थी। आरोप है कि वह कथित शारीरिक और यौन उत्पीड़न से परेशान थी। बताया गया है कि 5 अगस्त को जुलिसा के कमरे से तेज आवाजें और चीखने की आवाजें सुनाई दी थीं। सहकर्मियों द्वारा पूछे जाने पर उसने बताया था कि दोनों के बीच विवाद हुआ था।
यूनिवर्सिटी से पहले ही किया गया था निष्कासित
वरुण यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में बिजनेस एनालिस्ट से जुड़ी पढ़ाई कर रहा था। उसके खिलाफ पिएमा काउंटी कोर्ट में मई से एक मारपीट का मामला भी लंबित बताया जा रहा है। इसके अलावा उस पर घरेलू हिंसा से जुड़े आरोप लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इन घटनाओं के बाद यूनिवर्सिटी की ओर से वरुण के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी और उसे संस्थान से निष्कासित कर दिया गया था। फिलहाल हत्या के आरोपों की जांच जारी है और अमेरिकी अधिकारी आरोपी को जर्मनी से वापस लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। वरुण पर लगे आरोपों की पुष्टि अदालत में कानूनी प्रक्रिया के दौरान होगी।
ये भी पढ़ें- सावन का दूसरा सोमवार आज, जानिए शिव पूजा की सरल विधि और व्रत का महत्व
Written By Toshi Shah