लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। मौका था पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित 'हिंदू गौरव दिवस' कार्यक्रम का।

लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सपा पर लगातार अपना रुख बदलने का आरोप लगाया।

'गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा'

सीएम योगी ने कहा, "गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी के लोग PDA को कैसे परिभाषित करते हैं। कभी इनका 'P' पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया। देखना, एक दिन ये लोग 'P' से पाकिस्तान कर देंगे।"

उन्होंने कहा कि सपा नेताओं के बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता और कोई नहीं जानता कि वे अगला बयान क्या देंगे।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को लेकर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने राजनीतिक और सामाजिक मर्यादा निभाते हुए कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी थी, लेकिन अखिलेश यादव न तो खुद पहुंचे और न ही उन्होंने श्रद्धांजलि के दो शब्द कहे।

सीएम योगी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उन लोगों का अपमान है जो कल्याण सिंह को सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव से जोड़कर देखते हैं।

राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका का जिक्र

कार्यक्रम में कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए सीएम योगी ने उनके राम जन्मभूमि आंदोलन में योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह दबाव में झुकने वाले नेता नहीं थे। उनका मानना था कि सत्ता जा सकती है, लेकिन भगवान श्रीराम के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता।

योगी ने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर और रामलला के दर्शन के पीछे कल्याण सिंह का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

सपा पर महापुरुषों के अपमान का आरोप

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा नेतृत्व की आदत रही है कि वह महान व्यक्तित्वों का सम्मान नहीं करता।

उन्होंने कहा कि कन्नौज में बने मेडिकल कॉलेज से डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम हटाया गया था, जिसे बीजेपी सरकार ने दोबारा बहाल किया। इसी तरह मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जुड़े संस्थान का नाम हटाने का आरोप भी उन्होंने लगाया।

कल्याण सिंह के जीवन को बताया प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह एक साधारण किसान परिवार से निकलकर मुख्यमंत्री, सांसद और राज्यपाल जैसे पदों तक पहुंचे। उनका जीवन सादगी, अनुशासन, संघर्ष और सेवा का प्रतीक रहा।

उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने हमेशा गरीबों, किसानों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए काम किया।

PM मोदी के श्रद्धांजलि देने का किया जिक्र

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि कल्याण सिंह के निधन के बाद पीएम मोदी अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे और उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।

उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का योगदान उत्तर प्रदेश की राजनीति और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए हमेशा याद किया जाएगा।