अहमदाबाद : अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी बुधवार सुबह गुजरात के गांधीनगर जिले स्थित प्रसिद्ध महुडी जैन मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी प्रीति अडानी, बड़े बेटे करण अडानी और बहू परिधि अडानी भी मौजूद रहीं।
मंदिर यात्रा की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की
गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंदिर यात्रा की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि उन्हें प्रीति, करण और परिधि के साथ पवित्र महुडी जैन तीर्थ के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ ऐसे पल आते हैं जब मन अपने आप कृतज्ञता से झुक जाता है।
अडानी ने जैन धर्म के अहिंसा, आत्म-अनुशासन और करुणा के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि वास्तविक शक्ति इंसान के भीतर से आती है। उन्होंने सभी के लिए शांति, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
8 -15 सितंबर तक मनाया जाएगा पर्युषण पर्व
पर्युषण महापर्व से पहले गौतम अडानी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस वर्ष पर्युषण पर्व 8 सितंबर से 15 सितंबर तक मनाया जाएगा, जो श्वेतांबर जैन समुदाय के सबसे महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है।
महुडी जैन तीर्थ को ऐतिहासिक रूप से मधुपुरी के नाम से भी जाना जाता है। यह श्वेतांबर जैन समुदाय का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां 24 जैन तीर्थंकरों को समर्पित मंदिरों के साथ-साथ भगवान घंटाकर्ण महावीर का अलग मंदिर भी स्थित है। भक्त उन्हें संकटों से उबरने और शक्ति प्रदान करने वाले रक्षक देवता के रूप में पूजते हैं।
सेवा और समाज कल्याण की भावना से जुड़ी यह यात्रा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी के लिए यह यात्रा सेवा और समाज कल्याण की भावना से भी जुड़ी हुई है। अडानी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे क्षेत्रों में कई पहल चलाई जा रही हैं।
गौतम अडानी का यह दौरा अमेरिका के न्याय विभाग (DoJ) से जुड़े मामले में अभियोग खारिज होने के कुछ दिनों बाद हुआ है। इससे पहले भी गौतम अडानी और प्रीति अडानी ने उत्तर गुजरात के तरंगा हिल्स स्थित श्री अजितनाथ भगवान श्वेतांबर जैन देरासर में दर्शन किए थे।
महुडी यात्रा के दौरान अडानी परिवार ने प्रार्थना, कृतज्ञता और आत्मचिंतन के साथ "सेवा ही साधना है" के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
यह भी पढ़ें: स्वाति मालीवाल का आरोप - केजरीवाल चला रहे थे "दिल्ली से पंजाब तक भ्रष्टाचार की दुकान!
Written By: Pradeep Singh