ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) ने बुधवार, 13 मई को भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा की शुरुआत की। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद यह तेहरान की ओर से किसी वरिष्ठ नेता का पहला राजनयिक दौरा माना जा रहा है। उनका मुख्य उद्देश्य गुरुवार से शुरू हो रही ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक में शामिल होना है।

एस. जयशंकर से मिलेंगे अराघची

भारत दौरे के दौरान अराघची की मुलाकात भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर  (S. Jaishankar) से होगी, जहां दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और क्षेत्रीय तनाव पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत में होर्मुज स्ट्रेट का मुद्दा भी अहम रह सकता है। भारत इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही पर जोर दे सकता है।

पीएम मोदी से मिलेंगे ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री

सूत्रों के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति पर भी चर्चा होने की संभावना है. इस दौरान भारतीय पक्ष रणनीतिक जलमार्ग से शेष व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर दे सकता है. अराघची और ब्रिक्स सदस्य देशों के अन्य विदेश मंत्री आज यानी गुरुवार (14 मई) को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात करेंगे.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पोस्ट कर ईरानी विदेश मंत्री का किया स्वागत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (Randhir Jaiswal) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईरानी विदेश मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए उनका आगमन महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष और उसका वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल रहेगा। भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और सितंबर में प्रस्तावित शिखर सम्मेलन से पहले यह बैठक आयोजित की जा रही है।

अब्बास अराघची ने इजरायल को लेकर एक्स पर जारी किया बयान

इस बीच, अब्बास अराघची ने एक्स पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सार्वजनिक रूप से वही बातें कही हैं जिनकी जानकारी ईरानी सुरक्षा एजेंसियां पहले ही देश के नेतृत्व को दे चुकी थीं। उन्होंने ईरान के खिलाफ किसी भी साजिश को गंभीर भूल बताया और कहा कि क्षेत्र में विभाजन पैदा करने की कोशिश करने वालों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

 

Written By Toshi Shah