नई दिल्ली: भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को लेकर ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल ने एक चौंकने वाला बड़ा बयान दिया है। बता दें कि उन्होंने कहा कि वह इस बात से 'स्तब्ध और बेहद चिंतित' हैं कि पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले का आरोपी नीरव मोदी अब भी ब्रिटेन में मौजूद है। पटेल का कहना है कि यदि ब्रिटेन की व्यवस्था सही तरीके से काम करती, तो नीरव मोदी को काफी पहले भारत भेज दिया गया होता।
ब्रिटिश अखबार द डेली टेलीग्राफ के पॉडकास्ट 'द डायमंड किंग' में बातचीत के दौरान ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल ने कहा कि नीरव मोदी के प्रत्यर्पण में देरी से भारत सरकार बेहद नाराज रही। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि इससे भारत के साथ कई अहम मुद्दों पर सहयोग करना भी मुश्किल हो गया था।
उसे इस देश में नहीं होना चाहिए था
अप्रैल 2021 में नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण आदेश पर हस्ताक्षर करने वाली प्रीति पटेल ने कहा कि अगर हमारी व्यवस्था प्रक्रियाओं और बहानों में उलझने के बजाय प्रभावी ढंग से काम करती, तो नीरव मोदी इस देश में नहीं होता। मैं हैरान हूं कि वह अब भी ब्रिटेन में है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले से भारत सरकार को ब्रिटेन की न्यायिक प्रक्रिया को लेकर निराशा हुई होगी।
भारत के साथ बातचीत पर पड़ा असर
प्रीति पटेल ने खुलासा किया कि गृह मंत्री रहते हुए उन्हें भारत के साथ वीजा अवधि से अधिक समय तक ठहरने वाले लोगों और असफल शरणार्थी दावेदारों की वापसी जैसे मामलों पर बातचीत में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उनके मुताबिक, नीरव मोदी का हाई-प्रोफाइल मामला इस तनाव की एक बड़ी वजह था।
ब्रिटिश व्यवस्था पर उठाए सवाल
पटेल ने कहा कि नीरव मोदी को भारत की जेल में होना चाहिए और वहीं कानून के मुताबिक मुकदमे का सामना करना चाहिए। उन्होंने ब्रिटेन की प्रत्यर्पण प्रणाली को लेकर कहा कि इसका "खुला दुरुपयोग" हुआ है और यह ब्रिटिश करदाताओं का भी अपमान है।
जल्द हो सकता है प्रत्यर्पण
55 वर्षीय नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक से करीब 2 अरब अमेरिकी डॉलर की कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में भारत में वांछित है। वह फिलहाल लंदन की पेंटनविल जेल में बंद है। ब्रिटेन में उपलब्ध लगभग सभी कानूनी विकल्प खत्म होने और यूरोपीय मानवाधिकार अदालत में भी राहत नहीं मिलने के बाद उसके भारत प्रत्यर्पण की संभावना अब पहले से अधिक मजबूत मानी जा रही है।
तीन मामलों में वांछित
नीरव मोदी भारत में तीन आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है। इनमें सीबीआई का पीएनबी बैंक घोटाला मामला, प्रवर्तन निदेशालय (ED) का मनी लॉन्ड्रिंग मामला और जांच से जुड़े सबूतों व गवाहों को प्रभावित करने का आरोप शामिल है।
और पढे़ं: नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा! एक की मौत, कई घायल, भारतीय सीमा से सटे 5 इलाकों में कर्फ्यू
Written by Shailesh Yadav