भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के साथ अहम बैठकें करने जा रहे हैं। इसे लेकर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय के आसपास नई टीम में शामिल नेताओं के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं। बैठकों में संगठन के कामकाज से लेकर युवाओं, खासकर जेन-जी से संवाद, सोशल मीडिया की रणनीति और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के साथ तीन अहम बैठके
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में बीजेपी की तीन प्रमुख बैठकें प्रस्तावित हैं। पहली बैठक में नई राष्ट्रीय टीम के सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। दूसरी बैठक 'Modi@25' अभियान की तैयारियों पर केंद्रित होगी, जबकि तीसरी बैठक में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
नई टीम के सदस्यों का होगा परिचय
पहली बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसमें 17 अगस्त को घोषित नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जाएगा। इस टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। बैठक के दौरान नए पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, उनकी जिम्मेदारियों और पार्टी की प्राथमिकताओं से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही आने वाले समय में संगठन के स्तर पर किए जाने वाले कामों को लेकर भी दिशा तय की जा सकती है।
'Modi@25' कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा
दूसरी बैठक में 'Modi@25' कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। इस बैठक में देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की योजना, जनसंपर्क अभियान और अलग-अलग गतिविधियों की समयसीमा पर चर्चा हो सकती है। पार्टी की कोशिश इस अभियान के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने की होगी।
ये भी पढ़ें- JPSC-JSSC प्रदर्शन पर स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर हमला, कहा- झारखंड से समर्थन क्यों नहीं....
संगठन और चुनावी रणनीति पर फोकस
दिन की तीसरी बैठक शाम करीब छह बजे शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इसमें राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक को संबोधित कर सकते हैं।
जेन-जी और महिलाओं पर फोकस
इस दौरान जेन-जी के साथ संवाद बढ़ाने, महिलाओं से जुड़े मुद्दों, डिजिटल और सोशल मीडिया पर पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने तथा संगठन के विस्तार जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राज्यों में संगठन की तैयारियों और रणनीति की भी समीक्षा की जा सकती है।
2027 में पांच राज्यों में चुनाव
2027 में गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इन राज्यों में मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल पूरा होने वाला है। ऐसे में बीजेपी की संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर शनिवार की बैठकें अहम मानी जा रही हैं। गौरतलब है कि नितिन नवीन ने 17 अगस्त को बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।