रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी बीच ईशा देओल ने भी अपने भाई सनी देओल के लिए कुछ खास प्लान किया है, उन्होंने एक मजेदार अंदाज में राखी के त्योहार से जुड़ा विज्ञापन शूट किया है, जिसमें सनी देओल की फिल्म ‘दामिनी’ के चर्चित डायलॉग ‘ढाई किलो का हाथ’ को नए अंदाज में पेश किया गया। विज्ञापन में ईशा अपने भाई के लिए इसी थीम पर बनी एक अनोखी राखी मंगवाती दिखाई देती हैं।
सनी देओल के डायलॉग से जुड़ा ईशा का मजेदार एड
इंस्टामार्ट के लिए बनाए गए इस विज्ञापन में ईशा देओल बेहद दिलचस्प अंदाज में नजर आती हैं। वीडियो की शुरुआत में वह सनी देओल के मशहूर डायलॉग का जिक्र करते हुए बताती हैं कि जब भाई का ‘ढाई किलो का हाथ’ उठता है तो लोग तालियां बजाने लगते हैं। इसके बाद विज्ञापन में इस चर्चित हाथ को लेकर मजेदार अंदाज में एक तरह का एक्सपेरिमेंट दिखाया जाता है। वीडियो के आखिर में ईशा उसी खास अंदाज वाली राखी ऑर्डर करती हैं। राखी हाथ के आकार की है, जिसे देखकर ईशा काफी खुश नजर आती हैं और उसे कैमरे के सामने दिखाती हैं। पूरा विज्ञापन भाई-बहन के रिश्ते और सनी देओल के आइकॉनिक फिल्मी अंदाज को हल्के-फुल्के तरीके से जोड़ता है।
View this post on Instagram
फैंस को पसंद आया ईशा का अंदाज
ईशा देओल ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद फैंस ने कमेंट्स के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने उनके इस मजेदार आइडिया की तारीफ की। किसी ने इसे क्यूट बताया तो किसी ने सनी पाजी के लिए इसे ‘सर्टिफाइड राखी’ कहकर मजाक किया। कुछ यूजर्स ने ईशा के इस अंदाज को छोटी बहन की शरारत से भी जोड़ दिया।
ऐसा है सनी और ईशा का रिश्ता
ईशा और अहाना देओल, धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटियां हैं, जबकि सनी और बॉबी देओल धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर के बेटे हैं। अलग-अलग पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद देओल परिवार के इन भाई-बहनों के बीच अपनापन देखने को मिलता है। रक्षाबंधन जैसे मौकों पर ईशा और अहाना अपने भाइयों को राखी बांधती हैं। वहीं ईशा कई बार सनी और बॉबी की फिल्मों से जुड़े खास मौकों पर भी अपना समर्थन जाहिर कर चुकी हैं। ऐसे में ईशा का यह नया वीडियो भाई सनी के साथ उनके खास बॉन्ड की एक मजेदार झलक पेश करता है।