चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने जून–जुलाई में खाली होने वाली राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र और तमिलनाडु की दो खाली सीटों पर उपचुनाव की तारीख भी घोषित की गई है।

24 सीटों पर होगा चुनाव

इन 24 सीटों पर चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे, जहां मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है। आयोग के मुताबिक, 1 जून को आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी, 8 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे और 18 जून को मतदान होगा। इसी दिन मतगणना भी कर दी जाएगी।

सीटों का बंटवारा इस प्रकार

सीटों का बंटवारा इस प्रकार है, आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की 4-4 सीटें, मध्य प्रदेश और राजस्थान की 3-3 सीटें, झारखंड की 2 सीटें, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की 1-1 सीट पर चुनाव होगा।

दो सीटों पर होंगे उपचुनाव

इसके अलावा दो सीटों पर उपचुनाव होंगे। महाराष्ट्र में एक सीट सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद खाली हुई है, जबकि तमिलनाडु में AIADMK नेता सी.वी. शनमुगम के विधायक बनने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा देने पर सीट रिक्त हुई है। दोनों मामलों में भी मतदान 18 जून को ही होगा और परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।

Written By Toshi Shah