फिलीपींस में सोमवार सुबह आए भूकंप ने लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया। रिक्टर स्केल पर 7.8 तीव्रता के इस भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में इमारतें हिल गईं। बताया जा रहा है कि सुबह 1 घंटे के भीतर 3 बार धरती कांपी, जिससे लोग अपने घरों, स्कूलों और दफ्तरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।
भूकंप से जमींदोज हुई इमारत
भूकंप का सबसे अधिक असर जनरल सैंटोस और आसपास के क्षेत्रों में देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में इमारतों को ताश के पत्तों की तरह गिरते हुए देखा जा सकता है। एक वीडियो में एक बहुमंजिला इमारत कुछ ही सेकंड में मलबे में तब्दील होती नजर आती है। इमारत गिरते ही पूरे इलाके में धूल का घना गुबार छा गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
भूकंप के झटकों के बाद छात्रों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया
भूकंप के दौरान स्कूलों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे डरे-सहमे नजर आए। कई बच्चे एक-दूसरे का हाथ पकड़कर जमीन पर बैठे दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि यह वीडियो जनरल सैंटोस स्थित एक स्कूल का है, जहां भूकंप के झटकों के बाद छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
किसी बड़े जानमाल नुकसान की पुष्टि नहीं हुई
एक अन्य वीडियो में प्रसिद्ध जोलीबी इमारत के ढहने का दृश्य सामने आया है। भवन के गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों में भय और अफरातफरी फैल गई। हालांकि,अभी तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
भूकंप एवं ज्वालामुखी विज्ञान संस्थान ने की सतर्क रहने की अपील
फिलीपींस के भूकंप एवं ज्वालामुखी विज्ञान संस्थान ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। संस्थान ने चेतावनी दी है कि मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स आने की संभावना बनी हुई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Written By: Geeta Sharma