DU Admission 2026-27: दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए एक और मौका सामने आया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए DU ने UG, एक वर्षीय PG प्रोग्राम और BTech में दाखिले से जुड़े अगले चरणों का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें सीट अपग्रेडेशन, BTech मिड-एंट्री और स्पॉट राउंड शामिल हैं।
जिन छात्रों को अभी तक सीट नहीं मिली है या वे जारी प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें निर्धारित तारीखों पर नजर रखनी होगी। सीट स्वीकार करने से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन और फीस जमा करने तक हर चरण के लिए अलग समय सीमा तय की गई है।
एक वर्षीय PG प्रोग्राम में राउंड-I और II
DU के एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम के लिए राउंड-I और राउंड-II की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। राउंड-I में एप्लाइड साइकोलॉजी, इकोनॉमिक्स, इंग्लिश, हिंदी, इतिहास, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, संस्कृत, सोशल वर्क, समाजशास्त्र और कॉमर्स समेत कई विषय शामिल हैं।
राउंड-II में एंथ्रोपोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, बायोमेडिकल साइंसेज, बॉटनी, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यावरण विज्ञान, गणित, माइक्रोबायोलॉजी, फिजिक्स, स्टैटिस्टिक्स और जूलॉजी जैसे विषय हैं। अरबी, बंगाली, फ्रेंच, जर्मन, हिस्पैनिक, इटालियन, पंजाबी, फारसी और हिंदी जर्नलिज्म में भी दाखिले का विकल्प दिया गया है।12 अगस्त को सीट अलॉटमेंट जारी हो चुका है। जिन छात्रों को सीट मिली है, उन्हें 15 अगस्त रात 11:59 बजे तक इसे स्वीकार करना होगा। विभागों को ऑनलाइन आवेदन के सत्यापन और मंजूरी के लिए 17 अगस्त रात 11:59 बजे तक का समय दिया गया है। फीस जमा करने की अंतिम तारीख 18 अगस्त रात 11:59 बजे है।
BTech में मिड-एंट्री और स्पॉट राउंड-II
BTech प्रोग्राम में भी दाखिले का अगला चरण शुरू हो रहा है। मिड-एंट्री के लिए उम्मीदवार 13 अगस्त से 14 अगस्त रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।स्पॉट राउंड-II का सीट अलॉटमेंट 17 अगस्त को जारी किया जाएगा। आवंटित सीट को स्वीकार करने की अंतिम तारीख 19 अगस्त है। वहीं CW और वार्ड कोटा के राउंड-II का आवंटन 18 अगस्त को जारी किया जाना है और इसके लिए सीट स्वीकार करने की अंतिम तारीख 19 अगस्त रखी गई है।
BTech में इन कैटेगरी की सीटें खाली
DU ने BTech में उपलब्ध खाली सीटों का विवरण भी जारी किया है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में PwBD वर्ग की 2 सीटें खाली बताई गई हैं।इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में SC की 2, ST की 3, EWS की 6 और PwBD की 6 सीटें उपलब्ध हैं।इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में सबसे ज्यादा सीटें खाली हैं। यहां जनरल कैटेगरी की 22, OBC-NCL की 18, SC की 10, ST की 7, EWS की 8 और PwBD की 6 सीटें बताई गई हैं।
UG छात्रों के लिए कब खुलेगी अपग्रेडेशन विंडो?
CSAS (UG)-2026 के तहत म्यूजिक, BA प्रोग्राम और परफॉर्मेंस-बेस्ड प्रोग्राम समेत संबंधित पाठ्यक्रमों में राउंड-II के दौरान सीट अपग्रेडेशन और सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया होगी।उम्मीदवार 16 अगस्त से 17 अगस्त रात 11:59 बजे तक सीट अपग्रेड करने और अपनी प्रेफरेंस को दोबारा व्यवस्थित करने का विकल्प चुन सकेंगे। अपग्रेडेड सीटों का अलॉटमेंट 19 अगस्त को होगा।नई सीट मिलने पर उसे 20 अगस्त तक स्वीकार करना होगा। कॉलेजों को आवेदन के सत्यापन और मंजूरी के लिए 21 अगस्त तक का समय मिलेगा। फीस जमा करने की अंतिम तारीख 22 अगस्त रात 11:59 बजे है।
23 अगस्त से UG स्पॉट राउंड-I
UG में स्पॉट राउंड-I के लिए खाली सीटों की जानकारी 23 अगस्त को जारी की जाएगी। इसी दिन स्पॉट राउंड के लिए आवेदन भी शुरू होंगे। उम्मीदवार 24 अगस्त रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।स्पॉट राउंड-I का सीट अलॉटमेंट 25 अगस्त को जारी होगा। आवंटित सीट को 25 से 27 अगस्त रात 11:59 बजे तक स्वीकार किया जा सकेगा। कॉलेजों को आवेदन के सत्यापन और मंजूरी के लिए 28 अगस्त तक का समय मिलेगा, जबकि ऑनलाइन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 29 अगस्त रात 11:59 बजे है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh