अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की बेटी टिफनी ट्रंप (Tiffany Trump) अपने निजी कार्यक्रम के तहत भारत पहुंचने वाली हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार वह आज यानी शनिवार को दिल्ली आएंगी और इसके बाद आगरा जाएंगी। उनके आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। सूत्रों के मुताबिक टिफनी ट्रंप पहले दिल्ली पहुंचेंगी, जहां से वह चार्टर्ड विमान के जरिए आगरा के Agra Airport पहुंचेंगी। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहां से उन्हें सुरक्षा घेरे में उनके ठहरने के स्थान तक ले जाया जाएगा। हालांकि यह यात्रा निजी है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार से संबंध होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।
ताज महल जाएंगी टिफनी ट्रंप
अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह टिफनी ट्रंप विश्व धरोहर स्थल ताज महल (Taj Mahal) का भ्रमण करेंगी। उनके लगभग डेढ़ घंटे तक स्मारक परिसर में रहने की संभावना है। इस दौरान पर्यटकों की आवाजाही और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर विशेष योजना लागू की जाएगी ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे। ताजमहल का दौरा पूरा करने के बाद वह दोपहर में आगरा से रवाना होकर Jaisalmer जाएंगी। माना जा रहा है कि राजस्थान प्रवास के दौरान वह वहां के प्रमुख पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों का भी अवलोकन कर सकती हैं।
आगरा प्रशासन ने किए आवश्यक प्रबंध पूरे
आगरा प्रशासन ने उनके कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक पूरे मार्ग पर निगरानी रखेंगी। इसके अलावा अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। गौरतलब है कि भारत, विशेष रूप से आगरा स्थित ताजमहल, दुनिया भर के पर्यटकों और प्रसिद्ध हस्तियों के आकर्षण का केंद्र रहा है। अनेक अंतरराष्ट्रीय नेताओं और चर्चित व्यक्तियों के बाद अब टिफनी ट्रंप के आगमन को लेकर भी स्थानीय स्तर पर उत्सुकता देखी जा रही है।
कौन है टिफनी ट्रंप?
टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मार्ला मेपल्स (Marla Maples) की इकलौती संतान हैं। उनका जन्म 13 अक्टूबर 1993 को हुआ था। टिफनी ने University of Pennsylvania से समाजशास्त्र और शहरी अध्ययन में शिक्षा प्राप्त की। वह मॉडलिंग, सार्वजनिक कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पर अपनी सक्रिय उपस्थिति के लिए जानी जाती हैं। टिफनी ने कई फैशन आयोजनों में भाग लिया है और अमेरिकी राजनीतिक अभियानों में भी नजर आई हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने लेबनानी-अमेरिकी व्यवसायी माइकल बौलोस (Michael Boulos) से विवाह किया। वर्तमान में वह सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़ी रहती हैं।
Written By Toshi Shah