Delhi Metro Phase 4: दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) और नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने दो अहम मेट्रो परियोजनाओं पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बाहरी दिल्ली, हरियाणा और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, जिससे लाखों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर पर शुरू हुई टेंडर प्रक्रिया
डीएमआरसी ने फेज-4 के तहत रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के नरेला से हरियाणा के कुंडली/नाथूपुर तक लगभग 15.4 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी साल के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इस हिस्से के निर्माण पर करीब 1,373.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कॉरिडोर पर कुल 11 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें 10 एलिवेटेड और एक एट-ग्रेड स्टेशन होगा। इसके अलावा एलिवेटेड वायाडक्ट, डिपो और रैंप का भी निर्माण किया जाएगा। यह कॉरिडोर रेड लाइन के जरिए नरेला, कुंडली और नाथूपुर को गाजियाबाद से बेहतर तरीके से जोड़ेगा। परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य तीन वर्ष रखा गया है।
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार
वहीं, एनएमआरसी ने सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन (सेक्टर-38ए) और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक एक्वा लाइन के विस्तार के लिए निर्माण एजेंसी का चयन कर लिया है। सिविल निर्माण का जिम्मा लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को सौंपा गया है। इस पर करीब 1,200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अगले 3 से 4 महीनों में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। फिलहाल एक्वा लाइन नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक संचालित होती है।
नए रूट पर बनेंगे 8 स्टेशन
सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक बनने वाले नए कॉरिडोर पर कुल 8 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें सेक्टर-38ए बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बॉयज इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल हैं।
यूपी में बनेगा 6-लेन जेवर लिंक एक्सप्रेसवे, ₹8585 करोड़ की परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी
Written by Shailesh Yadav