Jewar Link Expressway: उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 8,585.51 करोड़ रुपये की लागत वाली जेवर लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट के फैसले के तहत 74.46 किलोमीटर लंबे छह लेन के इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा विकसित किए जाने वाला यह एक्सप्रेसवे गौतमबुद्ध नगर के ब्राह्मण गांव से शुरू होकर बुलंदशहर के बाहांपुर गांव तक जाएगा। इसके निर्माण से गंगा एक्सप्रेसवे से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों और माल परिवहन दोनों को बड़ा लाभ होगा।

परियोजना का निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर किया जाएगा। निर्माण कार्य पर लगभग 4,479.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि भूमि अधिग्रहण समेत कुल परियोजना लागत 8,585.51 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण से पहले इस प्रवेश-नियंत्रित ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे की घोषणा की थी। यूपीडा के अनुसार, परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और इसके पूरा होने के बाद एयरपोर्ट तक पहुंच पहले से कहीं अधिक सुगम और तेज हो जाएगी।

यूपीडा के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस लिंक एक्सप्रेसवे के चालू होने से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और आसपास के जिलों में औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा। 

और पढ़ें: पूर्वांचल के उद्यमियों को बड़ी राहत, बंद फैक्ट्रियों के प्लॉट 90% कीमत पर वापस खरीदेगा यूपीसीडा 

Written by Shailesh Yadav