Ranchi Students Protest: सोमवार, 10 अगस्त को रांची में JPSC, JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस कार्रवाई के बीच बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।

एंबुलेंस से मार्च में पहुंचे देवेंद्रनाथ महतो

मिली जानकारी के अनुसार JPSC-JSSC न्याय मंच के छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। वह पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद एंबुलेंस से विधानसभा मार्च में पहुंचे। उन्हें स्ट्रेचर पर भी प्रदर्शन का हिस्सा बनते देखा गया। पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन के दिन छात्रों को लाठीचार्ज,वाटर कैनन और आंसू गैस का सामना करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक,ऐसी कार्रवाई से झारखंड की छवि खराब हो रही है।

'सरकार डर गई है'

देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार छात्रों की मांगों का जवाब नहीं दे पा रही है। इसी वजह से पुलिस को आगे किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ छात्रों का आंदोलन नहीं रह गया है,बल्कि जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार को अगर अपनी कुर्सी बचानी है तो छात्रों की मांगें पूरी करनी होंगी। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने सरकार के लिए गंभीर राजनीतिक चुनौती खड़ी होने की चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग

सरकार के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के सवाल पर देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि अब किसी डेलिगेशन से बातचीत नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की ओर से अब मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और छात्रों के बीच तीन दौर की बातचीत हो चुकी है और अब सरकार को छात्रों की मांगों पर निर्णय लेना चाहिए।

'आंदोलन रुकने वाला नहीं'

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नौ दिन की भूख हड़ताल के बाद भी वह एंबुलेंस और स्ट्रेचर के सहारे मार्च में पहुंचे हैं,क्योंकि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

ये भी पढ़ें: तब्बू के नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल पड़ा भारी, 150+ URLs हटाने का आदेश

उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज होगा। साथ ही उन्होंने सरकार पर कायरता का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जब भी डरती है,पुलिस को आगे कर देती है। प्रदर्शन के दौरान तनाव और पुलिस कार्रवाई के बीच छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

Written By: Geeta Sharma