वेनेजुएला में बुधवार (24 जून) शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसके लगभग 45 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। दोनों झटकों का केंद्र कैरिबियाई तट के पास मोरोन क्षेत्र के आसपास था। सबसे अधिक असर राजधानी Caracas में देखा गया, जहां कई इमारतें ढह गईं और लोगों में अफरातफरी मच गई। हिलती हुई इमारतों से लोग जान बचाकर बाहर निकले, जबकि कई व्यस्त बाजार और रिहायशी इलाके मलबे में तब्दील हो गए। राहत एवं बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।
वेनेजुएला के गृह मंत्री ने कही ये बात
वेनेजुएला के गृह मंत्री डिओसडाडो कैबेलो (Diosdado Cabello) ने बताया कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए। उन्होंने कहा कि राजधानी के अल्तामिरा इलाके सहित कई स्थानों पर इमारतों के ढहने की खबरें मिली हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें क्योंकि आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) और नुकसान पहुंचा सकते हैं।
USGS ने कही ये बात
USGS के अनुसार, पहला भूकंप मोरोन के पश्चिम में लगभग 13 किलोमीटर की गहराई पर आया था, जबकि दूसरा भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि यह पिछले एक सदी में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, चाकाओ नगर पालिका में कई इमारतें ढह गईं, जबकि ला गुआइरा क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है। हालांकि मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है, लेकिन USGS ने बड़े पैमाने पर जनहानि और व्यापक क्षति की आशंका जताई है। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज (Delcy Rodriguez) ने स्थिति की निगरानी शुरू कर दी है और राष्ट्र को संबोधित करने की तैयारी कर रही हैं। बता दें कि यह आपदा वेनेजुएला के हालिया इतिहास की सबसे गंभीर प्राकृतिक त्रासदियों में से एक मानी जा रही है।
Written By Toshi Shah