शनिवार, 16 मई को देश के कई बड़े शहरों में ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे लोकप्रिय ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के लिए काम करने वाले हजारों डिलीवरी बॉयज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी के विरोध में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक काम बंद रखने जा रहे हैं। इस दौरान वे ऐप्स को ऑफलाइन रखेंगे, जिससे ग्राहकों के ऑर्डर समय पर डिलीवर नहीं हो पाएंगे।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी
दरअसल, शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। पिछले चार वर्षों में यह पहली बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के कारण यह फैसला लिया गया। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है,जबकि डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। अप्रैल 2022 के बाद पहली बार ईंधन दरों में बदलाव हुआ है।
बढ़ती महंगाई का असर डिलीवरी बॉयज की कमाई पर पड़ रहा
डिलीवरी बॉयज का कहना है कि बढ़ती महंगाई और ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है। ज्यादातर डिलीवरी पार्टनर्स अपनी बाइक या स्कूटर से डिलीवरी करते हैं और पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से उनके खर्च में काफी इजाफा हुआ है। उनका आरोप है कि कंपनियां डिलीवरी चार्ज या इंसेंटिव में कोई खास बढ़ोतरी नहीं कर रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। इसी के विरोध में उन्होंने 5 घंटे की सांकेतिक हड़ताल का फैसला लिया है।
हड़ताल के वजह से ऑनलाइन डिलीवरी पर होगा असर
इस हड़ताल का असर खासतौर पर दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में देखने को मिल सकता है, जहां बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स पर निर्भर रहते हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि हड़ताल दोपहर के समय हो रही है, जब आमतौर पर ऑर्डर्स की संख्या कम रहती है। अगर यह विरोध सुबह के नाश्ते या रात के डिनर के समय होता, तो इसका असर कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था। फिर भी, लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे जरूरी सामान या भोजन समय से पहले ऑर्डर कर लें ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
Written By: Geeta Sharma