Delhi SIR Voter Verification: दिल्ली के करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं के लिए अगस्त का महीना बेहद अहम है। राजधानी में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट को अपडेट किया जा रहा है। एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने और ऑनलाइन सबमिशन की आखिरी तारीख 17 अगस्त तय की गई है।

इसके बाद चुनाव आयोग की ओर से 24 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। जिन मतदाताओं का नाम इस सूची में नहीं होगा, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इसके बाद भी नाम जुड़वाने और आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा।

1.45 करोड़ मतदाताओं की हो रही जांच

दिल्ली में सभी पंजीकृत मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब फॉर्म जमा करने और उनके सत्यापन का काम चल रहा है।14 अगस्त तक करीब 96.85 लाख फॉर्म डिजिटल किए जा चुके थे। यह संख्या दिल्ली के कुल मतदाताओं का लगभग 66.75 प्रतिशत है।हालांकि, अभी भी 30 प्रतिशत से ज्यादा फॉर्म वापस नहीं मिले हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है।

24 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 24 अगस्त को प्रारंभिक यानी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी।अगर किसी व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आता है तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसका वोटर अधिकार खत्म हो गया है। ऐसे लोग 24 अगस्त से 23 सितंबर तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।अगर कोई योग्य मतदाता नए पते पर अपना नाम जुड़वाना चाहता है तो वह फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकता है।

27 अक्टूबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

दावे और आपत्तियों की जांच पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने की संभावना है।इसलिए जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं आता, उनके पास अभी भी अपना नाम जुड़वाने का मौका रहेगा।फिलहाल दिल्ली के मतदाताओं के लिए सबसे जरूरी तारीख 17 अगस्त है, क्योंकि इसके बाद वोटर लिस्ट अपडेट प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच जाएगी।

  Written By: Shivashakti Narayan Singh