Delhi Police Transfer: दिल्ली पुलिस में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। 40 से ज्यादा IPS अधिकारियों के तबादले के साथ कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंपी गई है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के पद संभालने के बाद इसे दिल्ली पुलिस में पहला बड़ा प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
ताजा आदेश के बाद ट्रैफिक, आर्थिक अपराध शाखा, क्राइम, विशेष शाखा और अलग-अलग पुलिस रेंज समेत कई अहम विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इस बदलाव के जरिए विभागों के बीच नई तैनाती और जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया है।
अजय चौधरी को ट्रैफिक की कमान
1996 बैच के IPS अधिकारी और विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी को दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रहे मनीष अग्रवाल को अब सुरक्षा इकाई का प्रभार सौंपा गया है।इस बदलाव के बाद दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े विभाग की कमान अजय चौधरी के हाथों में होगी।
गरिमा भटनागर को EOW की जिम्मेदारी
1994 बैच की IPS अधिकारी और विशेष पुलिस आयुक्त गरिमा भटनागर को आर्थिक अपराध शाखा यानी EOW की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी DPHCL के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।वहीं, अरुणाचल प्रदेश से दिल्ली पुलिस में आए 1999 बैच के IPS अधिकारी विवेक किशोर को विशेष पुलिस आयुक्त SPUWAC और लाइसेंसिंग की जिम्मेदारी दी गई है।2001 बैच की IPS अधिकारी सिंधु पिल्लई, जो अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से दिल्ली आई हैं, को सतर्कता के साथ पर्सेप्शन मैनेजमेंट और मीडिया सेल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली अहम जिम्मेदारियां
आदेश में कई संयुक्त पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं।राष्ट्रपति भवन से पुलिस मुख्यालय भेजे गए संयुक्त पुलिस आयुक्त वीनू बंसल को SPUWAC-SPUNER में तैनाती मिली है।वहीं संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) सुमन गोयल को पश्चिमी रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रजनीश गुप्ता को संयुक्त पुलिस आयुक्त परिवहन रेंज बनाया गया है।जतिन नरवाल को संयुक्त पुलिस आयुक्त विशेष शाखा की जिम्मेदारी मिली है, जबकि मिलिंद महादेव डुंबरे पूर्वी रेंज के प्रमुख होंगे।2007 बैच की IPS अधिकारी नूपुर प्रसाद को नई दिल्ली रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।पूर्वी रेंज के मौजूदा संयुक्त पुलिस आयुक्त अजीत सिंगला 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
क्राइम और IFSO में भी बदलाव
दिल्ली पुलिस के अपराध से जुड़े विभाग में भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। 2009 बैच की IPS अधिकारी मोनिका भारद्वाज को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) बनाया गया है।अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से दिल्ली आए एए कोआन को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है।2010 बैच के IPS अधिकारियों संजय भाटिया, दिनेश कुमार गुप्ता और वर्षा शर्मा को क्रमशः अतिरिक्त पुलिस आयुक्त IFSO, DPHCL और EOW नियुक्त किया गया है।
ट्रैफिक विभाग में भी कई नई नियुक्तियां
ट्रैफिक विभाग में भी फेरबदल किया गया है। प्रतीक्षा गोदारा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है।इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली के अतिरिक्त DCP सचिन सिंघल और दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से आईं श्वेता सिंह चौहान को DCP (ट्रैफिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।कुल मिलाकर इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक, क्राइम, EOW, IFSO, विशेष शाखा और अलग-अलग रेंज जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती हुई है। आने वाले दिनों में इन बदलावों का असर विभागों के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी देखने को मिल सकता है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh