Delhi Metro: दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो ने एक बार फिर देश का नाम दुनियाभर में रोशन किया है। ट्रेन संचालन में समय की पाबंदी, सटीकता और भरोसेमंद सेवा के मामले में दिल्ली मेट्रो ने कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मेट्रो प्रणालियों को पीछे छोड़ दिया है। हांगकांग,पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे शहरों की मेट्रो के बीच दिल्ली मेट्रो का यह प्रदर्शन भारत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

45 प्रमुख मेट्रो प्रणालियों में शानदार प्रदर्शन

दुनियाभर की 45 प्रमुख मेट्रो प्रणालियों से जुड़े कम्युनिटी ऑफ मेट्रो (COMET) के तुलनात्मक सर्वे में दिल्ली मेट्रो को दुनिया की सबसे भरोसेमंद मेट्रो प्रणालियों में पहला स्थान मिला है। इस अध्ययन में मुख्य रूप से ट्रेनों की समयबद्धता और परिचालन की सटीकता पर ध्यान दिया गया।

दिल्ली मेट्रो की खासियत यह है कि यहां ट्रेन के अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने में 59 सेकंड से अधिक की देरी को भी विलंब माना जाता है। इसके मुकाबले कई अंतरराष्ट्रीय मेट्रो प्रणालियों में 2 से 5 मिनट तक की देरी को सामान्य सीमा के भीतर माना जाता है। ऐसे सख्त मानकों के बावजूद दिल्ली मेट्रो का बेहतर प्रदर्शन उसकी परिचालन क्षमता को दर्शाता है।

23 साल में समयबद्धता में बड़ा सुधार

दिल्ली मेट्रो ने वर्ष 2003 में परिचालन शुरू किया था। शुरुआत में इसकी समयबद्धता करीब 98.27 प्रतिशत थी। समय के साथ तकनीक,सिग्नलिंग व्यवस्था और परिचालन प्रबंधन में सुधार के चलते यह आंकड़ा अब बढ़कर करीब 99.95 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार भी लगातार हुआ है। नेटवर्क करीब 416.5 किलोमीटर तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों के बीच अंतराल भी कम किया गया है। शुरुआती दौर में जहां ट्रेनों के बीच करीब 7 मिनट का अंतर रहता था, वहीं व्यस्त कॉरिडोर में यह अंतर घटकर करीब 2.18 मिनट रह गया है।

29 फीसदी नेटवर्क पर ड्राइवरलेस तकनीक

दिल्ली मेट्रो अब केवल समय की पाबंदी के मामले में ही नहीं, बल्कि तकनीकी क्षमता में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। पिंक और मजेंटा लाइन समेत करीब 29 प्रतिशत नेटवर्क पर ऑटोमैटिक ट्रेन ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें: 36 रिजेक्शन के बाद टेकी को मिला 30 लाख का पैकेज, दिल छू लेगी ये कहानी

करीब 71.55 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन दुनिया की सबसे लंबी चालक रहित मेट्रो लाइनों में प्रमुख स्थान रखती है। ड्राइवरलेस तकनीक से ट्रेन संचालन को अधिक स्वचालित, कुशल और आधुनिक बनाने में मदद मिलती है।

चुनौतियां अभी भी बरकरार

हालांकि, दिल्ली मेट्रो के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। येलो और ब्लू लाइन जैसे व्यस्त कॉरिडोर पर पीक आवर्स में भारी भीड़ यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बनी रहती है। इसके अलावा लास्ट-माइल कनेक्टिविटी, इंटरचेंज स्टेशनों पर बढ़ता दबाव और फेज-4 के निर्माण कार्य भी परिचालन के लिए चुनौती हैं।

पुराने नेटवर्क के कुछ हिस्सों में सिग्नलिंग, ओवरहेड वायर या अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण कभी-कभी सेवा प्रभावित होती है। ऐसे में दिल्ली मेट्रो के लिए अपनी मौजूदा विश्वसनीयता बनाए रखने के साथ-साथ बढ़ती यात्री संख्या और लगातार विस्तार होते नेटवर्क को संभालना भी जरूरी होगा।

भारत के लिए गौरव की बात

दिल्ली मेट्रो की यह उपलब्धि केवल एक परिवहन व्यवस्था की सफलता नहीं है, बल्कि भारत की बढ़ती तकनीकी और परिचालन क्षमता का भी उदाहरण है। समयबद्धता, आधुनिक तकनीक और लगातार विस्तार के दम पर दिल्ली मेट्रो ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। आने वाले वर्षों में नेटवर्क के विस्तार और नई तकनीकों के इस्तेमाल के साथ दिल्ली मेट्रो की भूमिका दिल्ली-एनसीआर की परिवहन व्यवस्था में और भी महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है।

Written By: Geeta Sharma