स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने खास इंतजाम किए हैं। 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू कर दी जाएंगी। डीएमआरसी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दिन मेट्रो सेवा दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे से उपलब्ध होगी। शुरुआती समय में यात्रियों की सुविधा के लिए सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनों का संचालन 30 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा।
सामान्य समय के बाद नियमित शेड्यूल से चलेगी मेट्रो
डीएमआरसी ने बताया कि सुबह के शुरुआती घंटों में विशेष व्यवस्था के तहत मेट्रो सेवाएं संचालित होंगी। इसके बाद जब नियमित समय-सारिणी के अनुसार सामान्य राजस्व सेवा शुरू होगी, तब सभी लाइनों पर मेट्रो अपने तय शेड्यूल के मुताबिक चलेगी।
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त की आधी रात को ही क्यों मिली भारत को आजादी? माउंटबेटन की ‘लकी डेट’ से जुड़ी है पूरी कहानी
रक्षा मंत्रालय को दिए गए 1.30 लाख विशेष QR टिकट
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले विशेष अतिथियों और आमंत्रितों के सुगम आवागमन के लिए डीएमआरसी ने रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख विशेष प्री-वेंडेड क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वैध भौतिक प्रवेश पत्र रखने वाले आमंत्रितों को भी निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। इन टिकटों के जरिए की गई यात्रा का खर्च रक्षा मंत्रालय की ओर से डीएमआरसी को वापस किया जाएगा।
लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट होंगे नजदीकी स्टेशन
स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल लाल किले तक पहुंचने के लिए लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन सबसे सुविधाजनक रहेंगे। समारोह में आने वाले यात्रियों को इन स्टेशनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुचारू व्यवस्था के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Written by Rozi Sinha