आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया,जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। यह स्कोर अपने आप में शानदार था,लेकिन इसे खास बनाने वाली बात यह रही कि पूरी पारी में दिल्ली की ओर से एक भी 50 रन की साझेदारी नहीं हुई। आईपीएल इतिहास में ऐसा बहुत कम देखने को मिला है। अब दिल्ली इस अनोखी सूची में शामिल होने वाली छठी टीम बन गई है।

दिल्ली की बल्लेबाजी में नहीं दिखा दम

दिल्ली की बल्लेबाजी शुरुआत से ही आक्रामक रही। टीम के बल्लेबाज लगातार तेजी से रन बनाते रहे,लेकिन कोई भी जोड़ी लंबी साझेदारी नहीं निभा सकी। पारी की सबसे बड़ी साझेदारी दूसरे विकेट के लिए हुई,जब साहिल परख और केएल राहुल ने मिलकर 30 गेंदों में 47 रन जोड़े। यही साझेदारी पूरी पारी की सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई।

केएल राहुल ने दिल्ली के लिए खेली बड़ी पारी

दिल्ली के लिए सबसे बड़ी पारी केएल राहुल ने खेली। उन्होंने 60 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। राहुल के अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी छोटे-छोटे लेकिन तेज योगदान दिए,जिसकी बदौलत टीम 200 के पार पहुंचने में सफल रही। खास बात यह रही कि बल्लेबाजों ने लगातार रन गति बनाए रखी और कोलकाता के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

50 रन की साझेदारी सूची में दिल्ली का नाम दर्ज

आईपीएल इतिहास में बिना किसी 50 रन की साझेदारी के सबसे बड़े टोटल की सूची में अब दिल्ली का नाम भी दर्ज हो गया है। इस सूची में सबसे ऊपर चेन्नई सुपर किंग्स है, जिसने 2026 में मुंबई के खिलाफ 207 रन बनाए थे। इसके बाद पंजाब किंग्स,राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी टीमें शामिल हैं।

प्लेऑफ की तस्वीर पर कोई असर नहीं

हालांकि इस मुकाबले का प्लेऑफ की तस्वीर पर कोई असर नहीं पड़ने वाला था,क्योंकि दिल्ली और कोलकाता दोनों पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी थीं। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु,गुजरात टाइटन्स,सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने क्वालीफाई किया है।

कोलकाता लगातार दूसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम 

कोलकाता की बात करें तो टीम लगातार दूसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खिताब जीतने वाली टीम ने बाद में उन्हें रिलीज कर दिया था। अब अजिंक्या रहाणे टीम की कमान संभाल रहे हैं,लेकिन उनकी कप्तानी में टीम लगातार दो सीजन में एलिमिनेट हो गई।

Written By: Geeta Sharma