Atiq Ahmed Son Abaan Accident Video: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में हुई मौत से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछलती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब कार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, वायरल हो रहा वीडियो आबान की कार के ठीक पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी के डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक सड़क के गड्ढे में जाती है और अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से टकरा जाती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चार से पांच फीट तक हवा में उछली और सड़क पर जा गिरी। वीडियो के 19वें सेकंड में कार पलटती दिख रही है, जिसके बाद के घटनाक्रम और वीडियो की टाइमिंग को लेकर तरह-तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।

झांसी जेल में बंद भाई से मिलकर लौट रहा था आबान
यह दर्दनाक हादसा 6 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। आबान अहमद अपने दोस्तों सोनू, उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम के साथ झांसी जेल की तन्हाई बैरक में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात कर लौट रहा था। हादसे में आबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का खुलासा
7 अगस्त को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, आबान की मौत लीवर, लंग्स और तिल्ली फटने के साथ सिर पर लगी गंभीर चोटों की वजह से हुई। रिपोर्ट में उसके शरीर पर 23 गहरे घाव और आंतें डैमेज होने की बात सामने आई थी।

पिता और भाई की कब्र के पास किया गया सुपुर्द-ए-खाक
हादसे के बाद 9 अगस्त को आबान अहमद के शव को प्रयागराज के कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद और भाई की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। छोटे भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए लखनऊ और झांसी जेल में बंद उसके बड़े भाइयों उमर अहमद और अली अहमद को हाईकोर्ट से पैरोल मिली थी, जिसके बाद उन्हें कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच कब्रिस्तान लाया गया था।

कैसे हुई थी अतीक अहमद की मौत?
माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद की मौत 15 अप्रैल 2023 की रात लगभग 10:30 बजे प्रयागराज में हुई थी। पुलिस कस्टडी और मीडिया के सामने मेडिकल जांच के लिए ले जाते वक्त तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी थी।

और पढे़ं: ‘रोड नहीं तो वोट नहीं...' हमीरपुर में सड़क के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे बच्चे, पुलिस के रवैये पर घमासान 

Written by Shailesh Yadav