अयोध्या में सोमवार (6 जुलाई) को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। दोपहर 3 बजे होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट के सभी प्रमुख सदस्य शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे, जबकि वरिष्ठ सदस्य के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।

महासचिव चंपत राय पर होगी बात

बैठक का सबसे चर्चित मुद्दा ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का भविष्य माना जा रहा है। चढ़ावे से जुड़े विवाद के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया था, हालांकि ट्रस्ट ने अब तक उसे स्वीकार नहीं किया है। ऐसे में उनके इस्तीफे और आगे की भूमिका पर विचार होने की संभावना है।

इन विषयों पर होगी बात

बैठक के एजेंडे में वित्तीय समीक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था में संभावित बदलाव, विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषय शामिल हैं। इसके अलावा चढ़ावा गिनने की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।

सुरक्षा कारणों से बैठक का बदला गया स्थान

सुरक्षा कारणों से बैठक का स्थान भी बदला गया है। अब यह बैठक राम जन्मभूमि परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित होगी। ट्रस्ट के कुल 15 सदस्य हैं, जिनमें तीन पदेन सदस्य भी शामिल हैं। इनमें अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद और केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे शामिल हैं।

हिंदू परिषद के अध्यक्ष विपक्षी नेताओं से कही ये बात

इस बीच विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने विपक्षी नेताओं से अपील की है कि यदि उनके पास आरोपों से जुड़े कोई ठोस प्रमाण हैं तो वे जांच एजेंसियों के साथ साझा करें, उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर ही मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

बैठक के कारण अयोध्या में कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था

बैठक के मद्देनज़र अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे राम जन्मभूमि परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया है। बैठक समाप्त होने के बाद ट्रस्ट की ओर से लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।

 

Written By Toshi Shah