स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय 'इंदिरा भवन' में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तिरंगा फहराया। इस दौरान पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि, कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
वंदे मातरम के दौरान क्या हुआ?
वायरल वीडियो में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का गायन होता दिखाई दे रहा है। वीडियो के एक हिस्से में राहुल गांधी सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर देखते नजर आते हैं। इसके बाद कैमरा सोनिया गांधी की तरफ जाता है। इसी दौरान सोनिया गांधी खड़गे से कुछ बातचीत करती दिखाई देती हैं। एक कार्यकर्ता भी उनके पास आता है और उनकी बात सुनता है। इसी दृश्य को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत का अपमान करने का आरोप लगाया है। गुजरात बीजेपी के सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो साझा करते हुए दावा किया गया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के कारण एक बार फिर वंदे मातरम का अपमान किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलग-अलग दावे
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोनिया गांधी खड़गे के लिए कुर्सी मंगाने का इशारा कर रही थीं, जबकि किसी ने दावा किया कि वह पानी मांग रही थीं। कांग्रेस कार्यकर्ता शकील अहमद ने एक अलग दावा करते हुए कहा कि पार्टी में परंपरा रही है कि वंदे मातरम के केवल दो छंद गाए जाते हैं। उनके मुताबिक, आगे की पंक्तियों को लेकर कुछ समुदायों में आपत्ति हो सकती है। हालांकि, यह उनका व्यक्तिगत बयान है और इससे यह साबित नहीं होता कि सोनिया गांधी ने गीत रुकवाने की कोशिश की थी।
ये भी पढ़ें: चोरी करते पकड़ा गया शख्स, गांव वालों ने की मेहमान नवाजी, Video Viral
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने मामले में किसी विवाद से इनकार किया और कहा कि इस बारे में कांग्रेस आलाकमान या जयराम रमेश बेहतर जानकारी दे सकते हैं। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने स्पष्ट रूप से कहा कि वंदे मातरम का गायन रुकवाने की कोई कोशिश नहीं हुई। जयराम रमेश के अनुसार, सोनिया गांधी केवल मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए सीट की व्यवस्था कराने की बात कर रही थीं। इसके बाद कार्यक्रम सामान्य रूप से आगे बढ़ा और नेताओं ने खड़े होकर राष्ट्रगीत का गायन पूरा किया।
Written By: Geeta Sharma