उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आयोजित 'भाव समर्पण समारोह' के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के कार्यक्रम में हुए मछली भोज विवाद को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस नेता अयोध्या में हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन करते हैं और इसके बाद मछली भोज का आयोजन करते हैं, उन्होंने कहा कि एक तरफ राम नाम का जाप किया जाता है और दूसरी तरफ ऐसे कार्य किए जाते हैं। यह कांग्रेस के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।
सीएम योगी ने अयोध्या मछली भोज विवाद पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते। हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद इस तरह का आयोजन करना लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है", उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका आचरण देखकर तो गिरगिट भी शर्मिंदा हो जाए। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर पुराने मामलों को लेकर भी हमला बोला, उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का इतिहास हमेशा ऐसे ही दोहरे व्यवहार वाला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ आवाज उठाने के बजाय कांग्रेस के कुछ नेता उनके सामने झुकते रहे हैं।
अयोध्या विकास कार्यों को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना-सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में लोगों की पहचान विकास और सुरक्षा से होती है, उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के समय में प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब थी, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीएम योगी ने अयोध्या में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष को इस बात से परेशानी होती है कि भगवान राम की नगरी में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर यात्री विश्रामालय और माता शबरी के नाम पर भोजनालय बनाए गए,उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास काम करने की क्षमता नहीं थी, उन्होंने प्रदेश की विरासत को सम्मान नहीं दिया। हमारी सरकार ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को सम्मान दिया है और अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण में योगदान दिया है।