मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधने की परंपरा नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह पर्व परिवारों को जोड़ने के साथ ही समाज में आत्मीयता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
श्रीकृष्ण-द्रौपदी के प्रसंग का जिक्र कर सीएम योगी ने बताया रक्षाबंधन का महत्व
सीएम योगी ने कहा कि रक्षाबंधन हमारे सनातन संस्कारों और परंपराओं की मजबूत विरासत का प्रतीक है, उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब श्रीकृष्ण की उंगली से रक्त बहा तो द्रौपदी ने अपनी साड़ी का किनारा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया था। बाद में श्रीकृष्ण ने संकट के समय द्रौपदी की रक्षा कर उस स्नेह का प्रत्युत्तर दिया।
सीएम योगी ने संस्कारों को बताया समाज की मजबूती का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की नई पीढ़ी के लिए संस्कारों को अपने आचरण का हिस्सा बनाना पहले से अधिक जरूरी है। संस्कार परिवारों को मजबूत बनाते हैं और समाज में एकता, समानता, बंधुता और सामाजिक समरसता के भाव को बढ़ावा देते हैं। सीएम योगी ने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी योजनाओं से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और विकास को नई गति मिली है, उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं और बहनों के लिए 27 से 29 अगस्त तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वर्ष 2017 से शुरू हुई यह पहल इस वर्ष भी जारी रहेगी।
सीएम योगी ने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे हर बहन-बेटी के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लें, उन्होंने सुरक्षाबलों, पुलिसकर्मियों और आपदा राहत कर्मियों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने की अपील भी की। सीएम योगी ने लोगों से स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से श्रम, कौशल और उद्यम को प्रोत्साहन मिलेगा। अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और मंगलकामना की।
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 24, 2026
रक्षाबंधन भाई की कलाई पर बंधने वाला रक्षा-सूत्र मात्र नहीं, अपितु स्नेह, विश्वास और संकल्प का पावन पर्व है, जो परिवार को जोड़ता है, समाज में आत्मीयता जगाता है तथा बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वाभिमान के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराता है।… pic.twitter.com/RljBJsPeqF
Written By: M. Atharuddin Munne Bharti
Edited By : Toshi Shah