Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राशन कोटेदारों के कार्यक्रम में पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कोटेदार काम तो करते थे, लेकिन लोगों की नजर में उनकी छवि खराब हो चुकी थी। गलती कोटेदारों की नहीं थी, बल्कि पिछली सरकारों के भ्रष्टाचार का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता था। सीएम योगी ने कहा कि पाप कोई करता था और भुगतना किसी और को पड़ता था। उस समय शासन की गलत नीयत और भ्रष्ट आचरण की आंच से कोटेदार खुद को बचा नहीं पाते थे। इसके चलते लोगों की नजर में उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
राशन शासन नहीं भेजता था, गालियां आपको पड़ती थीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राशन शासन की ओर से भेजा जाता था, लेकिन अगर राशन नहीं पहुंचता था तो गालियां कोटेदारों को खानी पड़ती थीं। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद व्यवस्था में बदलाव किया गया और ई-पॉस मशीन के जरिए राशन वितरण को पारदर्शी बनाया गया। उन्होंने कहा कि एफसीआई के गोदाम से सीधे कोटेदार की दुकान तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। सरकार और उचित दर विक्रेता के बीच अनावश्यक बाधाओं को हटाया गया है। इसके चलते कोटेदारों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है।
78 हजार से ज्यादा कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी
कार्यक्रम में प्रदेश के 78 हजार से ज्यादा राशन कोटेदारों के लिए बड़ा ऐलान किया गया। उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। सरकार ने राशन कोटेदारों के लिए वार्षिक लाभांश का बजट भी बढ़ाया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित होंगी राशन की दुकानें
सीएम योगी ने कहा कि उचित दर की दुकानों को अब अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 हजार अन्नपूर्णा भवन बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब कोटेदार केवल राशन ही नहीं बेचेंगे, बल्कि 39 प्रकार के सामान भी बेच सकेंगे। इससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
‘काम वही करें, जिसमें सम्मान मिले’
मुख्यमंत्री ने कोटेदारों से कहा कि ऐसा काम करें जिसमें सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि बिना सम्मान के किया गया कार्य आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। सीएम योगी ने दावा किया कि 2017 से पहले राशन वितरण को लेकर जनता दर्शन में बड़ी संख्या में शिकायतें आती थीं। उनके मुताबिक, पहले करीब 300 शिकायतें राशन व्यवस्था से जुड़ी होती थीं, जबकि अब राशन वितरण को लेकर शिकायतों में काफी कमी आई है। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों के राशन कार्ड तक घरों में रख लिए जाते थे और गरीबों को राशन नहीं मिल पाता था। उन्होंने दावा किया कि आज घर-घर राशन पहुंच रहा है और गरीबों को मुफ्त गैस सिलेंडर और बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
ब्रजेश पाठक बोले- ‘पहले 70, अब 125 रुपये मिलिहय’
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी कोटेदारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कोटेदारों के मानदेय और लाभांश में बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले कोटेदारों को 70 रुपये मिलते थे, अब यह राशि बढ़कर 125 रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि कोटेदार अब 35 तरह के सामान भी बेच सकेंगे और अन्नपूर्णा भवनों के जरिए जनता की सेवा का दायरा बढ़ेगा।
Written by Shailesh Yadav