Bihar News: बिहार के 3 लाख से अधिक स्कूली छात्रों के लिए डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और बड़ी क्रांति की शुरुआत हुई है। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों को 24x7 पढ़ाई का मजबूत सहारा देने के लिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप को औपचारिक रूप से लॉन्च कर दिया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। यह 24 घंटे काम करने वाला वन-टू-वन इंटरैक्टिव ऐप राज्य के सभी 38 जिलों में स्थित 700 'सरस्वती विद्या निकेतन' मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है।

विद्या साथी ऐप की मुख्य विशेषताएं
बता दें कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी अपनी जरूरत और सहूलियत के हिसाब से शिक्षकों का चयन कर उनसे वन-टू-वन पढ़ाई कर सकेंगे। इस डिजिटल मंच पर लगभग 75,000 शिक्षक चौबीसों घंटे छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं और शंकाओं का निवारण करने के लिए लाइव उपलब्ध रहेंगे।

प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी
कक्षा 9 और 10 के लिए सभी विषयों की डिजिटल अध्ययन सामग्री मिलेगी। वहीं 11वीं और 12वीं के साइंस स्ट्रीम के छात्रों को बिहार बोर्ड (BSEB) परीक्षा के साथ-साथ JEE और NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के लिए लाइव ट्यूटर और स्पेशल स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराया जाएगा। ऐप में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स को शामिल किया गया है, जो कठिन कॉन्सेप्ट्स को आसान भाषा में समझने और निरंतर प्रैक्टिस करने में मदद करेंगे।

जहां और जब पढ़ें, शिक्षक का साथ हमेशा मिले
ऐप लॉन्च के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों से इस तकनीक का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच बिल्कुल स्पष्ट है, छात्र जब भी और जहां भी पढ़ना चाहें, उन्हें तुरंत एक गाइड और शिक्षक का साथ मिलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (शास्त्री नगर) की छात्राओं ने ऐप का लाइव डेमो देकर इसकी कार्यप्रणाली को प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 700 मॉडल स्कूलों से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में बिहार के अन्य सभी सरकारी और राज्य संचालित स्कूलों तक विस्तारित की जाएगी। 

और पढ़ें: 

गुरुग्राम को बड़ी सौगात! साइबर सिटी तक दौड़ेगी मेट्रो, 30.7 KM रूट पर 28 स्टेशन