NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना लगातार छठे दिन भी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी रहा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें इस्तीफा देने की अपील की।

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह व्हाइटबोर्ड पर "Happy Birthday, Dharmendra Pradhan. Please Resign" लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ मौजूद समर्थकों ने भी इस अभियान का समर्थन किया।

धर्मेंद्र प्रधान पर व्यंग्य करते दिखें अभिजीत दीपके

वीडियो में अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं और उपहार के रूप में उन्हें इस्तीफा पत्र भेज रहे हैं, उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि मंत्री को केवल उस पत्र पर अपना अंगूठा लगाना है। बता दें, 26 जून को ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का जन्मदिन है।

जंतर-मंतर पर जमकर विरोध प्रदर्शन

जंतर-मंतर पर जारी इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सीजेपी की प्रमुख मांग शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा घोटालों की जवाबदेही तय करने की है। पार्टी का कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अभिजीत दीपके ने अधिकारियों पर लगाया आरोप

धरने के पांचवें दिन अभिजीत दीपके ने यह भी आरोप लगाया था कि कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया है, उन्होंने दावा किया कि संबंधित अधिकारियों ने इस कार्रवाई के कारण बताने से इनकार कर दिया।

दीपके ने सरकार किए कई सवाल

दीपके ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकारी सूचनाओं को गोपनीय रखा जा सकता है, तो NEET का प्रश्नपत्र सुरक्षित क्यों नहीं रह सका, उन्होंने यह भी कहा कि यदि पेपर लीक की घटनाएं नहीं होतीं, तो कई छात्रों को गंभीर मानसिक तनाव का सामना नहीं करना पड़ता, साथ ही उन्होंने कहा कि वे और उनके समर्थक करदाता परिवारों से आते हैं, लेकिन उन्हें आतंकवादी कहकर संबोधित किया जा रहा है, जिसे उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

 

Written By Toshi Shah