दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए सवाल उठाया कि आखिर उनका अकाउंट किस वजह से बंद किया गया और इसके पीछे किसका निर्देश था।

मेरा व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया- सौरव दास

सौरव दास ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मेरा व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। क्या WhatsApp मुझे बता सकता है कि ऐसा क्यों किया गया और यह किसके इशारे पर हुआ?" उनका यह दावा ऐसे समय में सामने आया है, जब CJP देश की शिक्षा व्यवस्था और NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी काफी चर्चा है और कई प्रमुख विपक्षी नेता इसमें समर्थन जताते हुए नजर आए हैं।

पार्टी ने कही ये बात

पार्टी का कहना है कि उसका आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर चल रहा है। इसके साथ ही CJP केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर रही है। इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न छात्र संगठनों के साथ कई राजनीतिक नेताओं ने भी भाग लिया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है और छात्रों की मांगों के पक्ष में अपनी बात रखी है।

अकाउंट ब्लॉक होने की वजह पर सस्पेंस

हालांकि, सौरव दास के व्हाट्सएप अकाउंट को लेकर अभी तक व्हाट्सएप की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनका अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है या स्थायी रूप से बंद किया गया है। इसलिए अकाउंट ब्लॉक होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

व्हाट्सएप के नियमों के उल्लंघन पर हो सकती है अकाउंट पर कार्रवाई

व्हाट्सएप की नीति के अनुसार, किसी भी अकाउंट पर कार्रवाई आमतौर पर तब की जाती है जब उस पर स्पैम गतिविधियों का संदेह हो, बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई हो, अनधिकृत या संशोधित व्हाट्सएप ऐप का इस्तेमाल किया गया हो, या फिर प्लेटफॉर्म की सेवा शर्तों का उल्लंघन पाया गया हो। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियां भी अकाउंट पर प्रतिबंध का कारण बन सकती हैं।

सौरव दास के अकाउंट ब्लॉक होने की वजह पता नहीं लगा 

फिलहाल सौरव दास के मामले में इनमें से कौन-सा कारण लागू हुआ है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जब तक व्हाट्सएप या संबंधित पक्ष की ओर से स्पष्टीकरण जारी नहीं किया जाता, तब तक अकाउंट ब्लॉक होने की वजह को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है।

 

 

Written By Toshi Shah