CBSE के री-वैल्यूएशन पोर्टल पर हाल ही में बड़े पैमाने पर साइबर हमले की कोशिश की गई। बोर्ड के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए बड़ी संख्या में छात्र आवेदन कर रहे हैं,जिसके बीच कुछ शरारती तत्वों ने पोर्टल की सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया। हालांकि, सीबीएसई की साइबर सुरक्षा टीम की सतर्कता और तकनीकी तैयारियों के कारण पोर्टल की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।
8,000 से अधिक उपयोगकर्ताओं को संभालने की क्षमता
सीबीएसई के अनुसार, री-वैल्यूएशन पोर्टल एक समय में 8,000 से अधिक उपयोगकर्ताओं को संभालने की क्षमता रखता है। मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 16,000 से अधिक छात्रों ने सफलतापूर्वक अपने आवेदन जमा कर दिए थे। यह दर्शाता है कि भारी ट्रैफिक के बावजूद पोर्टल ने संतोषजनक प्रदर्शन किया।
पोर्टल पर लगभग 15 लाख हिट्स दर्ज की गईं
बोर्ड ने बताया कि सबसे हालिया साइबर हमले के दौरान मात्र 2 मिनट में पोर्टल पर लगभग 15 लाख हिट्स दर्ज की गईं। इसके अलावा, एक लाख से अधिक बार अनधिकृत तरीके से फाइलों तक पहुंचने की कोशिश भी की गई। इस तरह की गतिविधियां आमतौर पर वेबसाइट की कार्यक्षमता को प्रभावित करने या संवेदनशील जानकारी तक पहुंच प्राप्त करने के उद्देश्य से की जाती हैं।
छात्रों के सुविधा के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही विशेषज्ञों की टीम
हालांकि,सीबीएसई की साइबर सुरक्षा और तकनीकी टीम लगातार निगरानी करती रही और सभी संदिग्ध गतिविधियों को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। बोर्ड का कहना है कि छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विशेषज्ञों की टीम चौबीसों घंटे काम कर रही है।
फीडबैक के आधार पर पोर्टल में किए गए कई महत्वपूर्ण सुधार
छात्रों और अभिभावकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर पोर्टल में कई महत्वपूर्ण सुधार भी किए गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख बदलाव सेशन टाइम लिमिट को बढ़ाना है। अब छात्रों को आवेदन भरने, दस्तावेज अपलोड करने और आवश्यक जानकारी दर्ज करने के लिए पहले से अधिक समय मिलेगा। इससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है।
सीबीएसई डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने का प्रयास
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह सुरक्षित है और डेटा सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय अपनाए गए हैं। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि री-वैल्यूएशन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। साइबर हमलों जैसी चुनौतियों के बावजूद सीबीएसई डिजिटल सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
Written By: Geeta Sharma