Samastipur: पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली के छात्रावास में कक्षा 7 के छात्रों के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा 8 के करीब 20 से 25 छात्रों ने देर रात जूनियर छात्रों को कमरों में बुलाकर बेल्ट से पीटा। घटना में कई छात्र घायल हुए हैं, जबकि करीब 8 छात्रों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, पूसा भेजे जाने की बात सामने आई है।
देर रात जूनियर छात्रों को बुलाने का आरोप
पीड़ित छात्रों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे हाउस फादर के रात्रि निरीक्षण के बाद सीनियर छात्रों ने कक्षा 7 के बच्चों को बारी-बारी से बुलाना शुरू किया। आरोप है कि उदयगिरी, नीलगिरी और अभयगिरी हाउस के छात्रों को बुलाकर उनसे सीनियर छात्रों के छोटे-मोटे काम करने और उनके आदेश मानने के लिए कहा गया। छात्रों का आरोप है कि उन्हें मेस से खाना लाने, भोजन के बाद प्लेट-थाली साफ करने समेत कई कामों के लिए मजबूर किया जाता था। घर से लाए गए बिस्किट, दालमोट और ड्राई फ्रूट भी छीनने की बात कही गई है।
कपड़े उतरवाकर पीटने का गंभीर आरोप
मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि कुछ छात्रों के कपड़े उतरवाकर उन्हें बाल्टी पर बैठाया गया और बेल्ट से पीटा गया। पीड़ितों के मुताबिक, मारपीट के दौरान यदि कोई छात्र बेसुध हो जाता था तो उसे पानी पिलाकर होश में लाने के बाद कथित तौर पर दोबारा पीटा जाता था।
एक पीड़ित छात्र आर्यन कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षकों ने छात्रों को एक-दूसरे के लिए खाना लाने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद जूनियर छात्रों को बार-बार मेस भेजा जाता था। विरोध करने पर कथित रूप से उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
मदद मिलने के बाद रुकी मारपीट
पीड़ित छात्रों के अनुसार, मारपीट के दौरान एक छात्र किसी तरह छिपकर कक्षा 9 के छात्रों से मदद मांगने में सफल रहा। इसके बाद घटना की जानकारी अन्य छात्रों तक पहुंची और कथित मारपीट रुकवाई गई। तब तक कई छात्र घायल हो चुके थे और कुछ के बेसुध होने का भी दावा किया गया है।
विद्यालय प्रशासन ने की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन ने रात में ही घायल छात्रों को अस्पताल भेजा। मारपीट में शामिल बताए जा रहे छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय बुलाया गया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, करीब 20 छात्रों की पहचान कर उन्हें तत्काल निलंबित किया गया और अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राचार्य आर.एस. झा ने बताया कि कक्षा 8 के छात्रों द्वारा कक्षा 7 के छात्रों के साथ मारपीट की गई है। उनके अनुसार, करीब सात छात्र घायल हुए हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राचार्य ने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: गोविंदा और सुनीता आहूजा में सबकुछ ठीक नहीं? Instagram Unfollow से उठे बड़े सवाल
छात्रावास की निगरानी पर उठे सवाल
घटना ने आवासीय विद्यालय के छात्रावासों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि यदि जूनियर छात्रों के साथ कथित तौर पर लंबे समय से दुर्व्यवहार हो रहा था, तो इसकी जानकारी विद्यालय प्रशासन तक पहले क्यों नहीं पहुंची।
नवोदय विद्यालय जैसे आवासीय संस्थानों में बड़ी संख्या में नाबालिग छात्र रहते हैं। ऐसे में सीनियर-जूनियर के बीच अनुशासन के नाम पर किसी भी तरह की हिंसा या प्रताड़ना को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी और शिकायत व्यवस्था बेहद जरूरी है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।