विधानसभा चुनाव के तहत तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए मंगलवार शाम प्रचार थम जाएगा। दोनों राज्यों में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार बंद हो जाता है, जिसके बाद रैलियों और सभी तरह के राजनीतिक प्रचार पर रोक लग जाएगी।
तमिलनाडु में किसके बीच है चुनावी टक्कर
तमिलनाडु में इस बार 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला DMK और AIADMK गठबंधन के बीच माना जा रहा है। वहीं कई सीटों पर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके भी त्रिकोणीय संघर्ष को रोचक बना रही है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 5.73 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने और शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में जागरूकता अभियान चलाए हैं।
बंगाल के पहले चरण में कितनी सीटों पर वोटिंग?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इनमें उत्तर बंगाल के आठ जिले, दक्षिण बंगाल के तीन जिले और जंगलमहल क्षेत्र के पांच जिले शामिल हैं।
इन सीटों में मुर्शिदाबाद 22, कूचबिहार 9, जलपाईगुड़ी 7, अलीपुरद्वार 5, कलिंपोंग 1, दार्जिलिंग 5, उत्तर दिनाजपुर 9, दक्षिण दिनाजपुर 6, मालदा 12, बीरभूम 11, पश्चिम बर्द्धमान 9, पूर्व मेदिनीपुर 16, पश्चिम मेदिनीपुर 15, झाड़ग्राम 4, पुरुलिया 9 और बांकुड़ा 12 सीटें शामिल हैं।
पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में कुल 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1 करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरुष, 1 करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं और 465 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
Written By - Namita Verma