नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरएसएस को "जोकरों की टोली" बताते हुए कहा कि उसे भारत के इतिहास और दर्शन की सही समझ नहीं है।
जोकरों की टोली से लड़ने में डर कैसा
दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आरएसएस से मुकाबला करने में डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, "अगर आप ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ रहे होते और डर महसूस करते तो समझ आता, लेकिन आप तो जोकरों की टोली से लड़ रहे हैं, फिर डर कैसा?"
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आरएसएस भारत की संस्कृति, इतिहास और दर्शन को सही तरीके से नहीं समझता। उन्होंने कहा कि भारत को केवल हजारों साल पुराने इतिहास से नहीं समझा जा सकता, बल्कि आज के भारत को समझना जरूरी है।
कांग्रेस नेता ने कहा, "जो व्यक्ति आज के भारत से जुड़ नहीं सकता, वह भारत को नहीं समझ सकता। भारत को समझने के लिए उसके वर्तमान स्वरूप और उसकी अभिव्यक्ति को समझना होगा।"
केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईरान में युद्ध की स्थिति भारत के लिए एक बड़ा अवसर हो सकती थी, क्योंकि भारत के अमेरिका, रूस और ईरान जैसे देशों से संबंध रहे हैं।
राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत इस मौके का फायदा नहीं उठा पाया और पाकिस्तान ने मध्यस्थता की भूमिका हासिल कर ली। उन्होंने कहा कि सरकार को विदेश नीति में राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए, न कि केवल दोस्ती और कूटनीतिक दिखावे पर निर्भर रहना चाहिए।
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय में अंदरूनी असंतोष चल रहा है। हालांकि, उनके इस दावे पर बीजेपी की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा AIIMS में भर्ती, बेचैनी की शिकायत के बाद हुई एंजियोग्राफी
Written By: Pradeep Singh