शुक्रवार को सिनेमाघरों में कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई, लेकिन पहले से चल रही फिल्मों के कारोबार में गिरावट देखने को मिली। हालांकि, इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ अब भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है, वहीं रवि तेजा की नई फिल्म ‘इरुमुडी’ ने पहले ही दिन अच्छी शुरुआत करते हुए इसे कुछ चुनौती दी है। दूसरी ओर, ‘बंटवारा 1947’ की कमाई लाखों तक सिमट गई। आइए जानते हैं शुक्रवार को ‘विश्वनाथ एंड संस’, ‘डीसी’ और ‘स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे’ समेत इन फिल्मों ने कितना कारोबार किया।

आवारापन 2का दूसरे शुक्रवार का कलेक्शन

इमरान हाशमी स्टारर ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को 9,858 शो से करीब 5.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 119 करोड़ रुपये पहुंच गया है। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 141.87 करोड़ रुपये है। विदेशी बाजार में फिल्म ने आठवें दिन करीब 1 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया। ओवरसीज में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 27.30 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 169.17 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

बंटवारा 1947ने दूसरे शुक्रवार कितना कमाया?

सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को 3,211 शो से महज 0.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 34.35 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 40.77 करोड़ रुपये है। विदेशों में आठवें दिन फिल्म ने करीब 0.50 करोड़ रुपये कमाए। ओवरसीज में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 8.25 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 49.02 करोड़ रुपये हो गया है।

 ‘इरुमुडीकी पहले दिन की कमाई

रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ 21 अगस्त, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने पहले ही दिन दमदार शुरुआत की। सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘इरुमुडी’ ने भारत में 2,673 शो से 14.80 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। पहले दिन के बाद भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 14.80 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 17.20 करोड़ रुपये है। विदेशी बाजार से फिल्म ने करीब 7 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया। इस तरह ‘इरुमुडी’ का पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 24.20 करोड़ रुपये रहा।

विश्वनाथ एंड संसका दूसरे शुक्रवार का कारोबार

‘विश्वनाथ एंड संस’ ने रिलीज के आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने शुक्रवार को 4.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 86.10 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 99.52 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में आठवें दिन फिल्म ने 1.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 50.25 करोड़ रुपये पहुंच गया। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 149.77 करोड़ रुपये है।

 ‘डीसीका तीसरे शुक्रवार का कलेक्शन

लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी की ‘डीसी’ अब अपने तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है। सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 15वें दिन फिल्म के तमिल वर्जन ने 994 शो से 1.04 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 62.53 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 71.99 करोड़ रुपये है। विदेशों में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 21.95 करोड़ रुपये है। इस तरह ‘डीसी’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 93.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

 ‘स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डेने चौथे शुक्रवार कितना कमाया?

टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे’ भी अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है। फिल्म ने रिलीज के 23वें दिन यानी चौथे शुक्रवार को भारत में करीब 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की 23 दिनों की कुल नेट कमाई 477.25 करोड़ रुपये हो गई है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन अब भी मजबूत बना हुआ है।