भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज यानी गुरुवार, 28 मई को चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया। पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की घोषणा की।

हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है दिल्ली की कमान

दिल्ली भाजपा की कमान अब केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है, उन्होंने वीरेंद्र सचदेवा का स्थान लिया है। हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे दिल्ली की राजनीति में एक अनुभवी चेहरा माने जाते हैं और संगठनात्मक क्षमता के साथ जनसंपर्क में भी उनकी अच्छी पकड़ है। वर्तमान में वे केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा को नई मजबूती मिलेगी।

डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष

हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे भाजपा की सक्रिय महिला नेताओं में गिनी जाती हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। महिला नेतृत्व को मजबूत करने में उनकी भूमिका को खास माना जाता है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव से हरियाणा में संगठन का विस्तार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

पंजाब में केवल सिंह का होगा कमान

पंजाब भाजपा की जिम्मेदारी केवल सिंह ढिल्लों को दी गई है। वे बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और राज्य की राजनीति में प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। उन्होंने संगरूर लोकसभा उपचुनाव और बरनाला विधानसभा उपचुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था। राजनीति के साथ-साथ वे उद्योग जगत में भी अपनी पहचान रखते हैं। पंजाब में विकास आधारित राजनीति के लिए उनकी अलग पहचान रही है और वे लंबे समय तक कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी नेताओं में शामिल रहे हैं।

त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय बनें नया प्रदेश अध्यक्ष

त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं और कई अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। पार्टी को उनसे त्रिपुरा में संगठन को और मजबूत करने तथा जनाधार बढ़ाने की उम्मीद है।

भाजपा के इन बदलाव को माना जा रहा है महत्वपूर्ण

भाजपा द्वारा किए गए इन बदलावों को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व नए प्रदेश अध्यक्षों के जरिए राज्यों में संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में जुटा है।

 

Written By Toshi Shah