kiren Rijiju on TMC: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में इस समय भाजपा की स्पष्ट लहर है और जनता बदलाव चाहती है।

'तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल बर्बाद हुआ है'

एक इंटरव्यू में रिजिजू ने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्थिति अब लोगों के सामने पूरी तरह साफ हो चुकी है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा के विजन का प्रभाव जमीनी स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता को यह महसूस हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल का विकास बाधित हुआ है और अब इसे पटरी पर लाने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।

'TMC ने राज्य को आर्थिक और सामाजिक रूप से पीछे धकेल दिया'

रिजिजू ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल कभी देश के प्रमुख राज्यों में गिना जाता था और विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करता था। उन्होंने दावा किया कि एक समय ऐसा था जब पूर्वोत्तर भारत भी विकास के लिए बंगाल पर निर्भर रहता था, लेकिन आज स्थिति इसके विपरीत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी दलों और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस की सरकारों ने मिलकर राज्य को आर्थिक और सामाजिक रूप से पीछे धकेल दिया।

SIR पर क्या बोले किरण रिजिजू

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट लक्ष्य है कि पश्चिम बंगाल को फिर से देश का आर्थिक इंजन बनाया जाए। इसके लिए जरूरी है कि राज्य में एक स्थिर सरकार बने। मतदाता सूची के विशेष संशोधन (SIR) को लेकर उठ रहे विवाद पर भी रिजिजू ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आवश्यक है ताकि अवैध निवासियों, मृत व्यक्तियों और गैर-नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि वे इस प्रक्रिया का विरोध क्यों कर रहे हैं, जबकि यह चुनावी पारदर्शिता के लिए जरूरी कदम है।

'जनता ऐसे नेताओं को पसंद नहीं करती जो व्यक्तिगत टिप्पणी करे'

वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर किए गए हालिया हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कहा कि जो भी नेता प्रधानमंत्री को निशाना बनाता है, उसका राजनीतिक नुकसान होना तय है। उनके अनुसार, जनता ऐसे नेताओं को पसंद नहीं करती जो व्यक्तिगत टिप्पणियां करते हैं या प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, और इससे पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा जहां सत्ता में आने का दावा कर रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस भी अपने प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाती है।

 Written By: Geeta Sharma