महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पीएम मोदी के नेतृत्व में लाए गए 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' में प्रस्तावित संशोधन संसद में पारित नहीं हो सका, जिसके बाद भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार, 21 अप्रैल को 'जन आक्रोश महिला पदयात्रा' का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी दिग्गज नेताओं ने भाग लिया। 

 

महिला विरोधी है विपक्ष दल: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाया और संसद में बिल को गिराने का काम किया। योगी ने कहा कि यह पदयात्रा देश की आधी आबादी के आक्रोश का प्रतीक है और महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में एक मजबूत संदेश देती है।

पदयात्रा के वजह से मार्गों पर डायवर्जन लागू

पदयात्रा के चलते लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही और कई मार्गों पर डायवर्जन लागू करना पड़ा। इस कार्यक्रम में सीतापुर से करीब पांच हजार महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने आयोजन को और व्यापक बना दिया।

'महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है कांग्रेस'

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी पदयात्रा का आयोजन हुआ, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को 'महिला विरोधी' और 'परिवारवादी' बताते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखा।

विपक्ष ने महिलाओं के सशक्तिकरण मुद्दे को किया अनदेखा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित पदयात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस पर महिला अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया।

भाजपा का पदयात्रा एक रणनीतिक पहल

देशभर में आयोजित इन पदयात्राओं और सम्मेलनों को भाजपा की एक रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिला मतदाताओं को संगठित करना और विपक्ष पर दबाव बनाना है। इस पूरे घटनाक्रम ने महिला आरक्षण के मुद्दे को फिर से राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला खड़ा किया है।

 Written By: Geeta Sharma