नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) मामले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद और पूर्व आम आदमी पार्टी (AAP) नेता स्वाति मालीवाल ने बुधवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए।

दिल्ली में केजरीवाल ने चलाई "भ्रष्टाचार की दुकान"

स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली में करीब एक दशक तक "भ्रष्टाचार की दुकान" चलाई और अब उन्होंने पंजाब में अपना नया मोर्चा खोल लिया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए जानबूझकर किसी भी मंत्रालय की जिम्मेदारी नहीं ली, ताकि किसी भी घोटाले के सामने आने पर अपने मंत्रियों पर जिम्मेदारी डाली जा सके।

मालीवाल ने कहा, "पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल दिल्ली में भ्रष्टाचार की दुकान चला रहे थे। चाहे स्कूल क्लासरूम निर्माण मामला हो, शराब घोटाला हो या फिर कई अन्य मामले, इन सबमें उनकी भूमिका रही है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के काम करने का तरीका यह था कि भ्रष्टाचार मंत्रियों के जरिए कराया जाता था और जब कोई मंत्री फंसता था तो पूरा ठीकरा उसी पर डाल दिया जाता था।

आप नेता सत्येंद्र जैन को ACB ने किया गिरफ्तार

स्वाति मालीवाल के ये आरोप दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट अपग्रेडेशन टेंडर में कथित अनियमितताओं के मामले के बीच आए हैं। इस मामले में आप नेता सत्येंद्र जैन समेत कई लोगों को एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने गिरफ्तार किया है।

यमुना की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार किया

मालीवाल ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड का यह मामला बेहद गंभीर है क्योंकि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यमुना नदी की सफाई के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया।

उन्होंने कहा, "केजरीवाल को लगा कि यमुना से वोट नहीं मिलेंगे, तो क्यों न मां यमुना से नोट कमाए जाएं। इसी वजह से ऐसा भ्रष्टाचार किया गया।"

पंजाब में भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया

मालीवाल ने आगे आरोप लगाया कि दिल्ली में आप की गतिविधियां कम होने के बाद पंजाब में भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया गया। उन्होंने सत्येंद्र जैन पर पंजाब में पार्टी के लिए "कलेक्शन एजेंट" की तरह काम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल इस पूरे मामले के मुख्य जिम्मेदार हैं और गिरफ्तार किए जा रहे नेता केवल "इस फिल्म के कलाकार" हैं।

वहीं, आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनावों से पहले बीजेपी अपने पुराने तरीके के तहत आप नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं और अदालतों से उन्हें राहत मिलेगी।

प्रियंका कक्कड़ ने किया बीजेपी पर पलटवार

प्रियंका कक्कड़ ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर बीजेपी वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है तो उसे दिल्ली सरकार के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी केजरीवाल की नीतियों का मुकाबला नहीं कर पाने के कारण उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO गिरफ्तार

ACB के अनुसार, इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और IPC की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय, पूर्व सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, नागेंद्र यादव, राजा कुमार कुर्रा और पंकज वर्मा शामिल हैं।

एक खास कंपनी को पहुंचाया फायदा

ACB की जांच में आरोप लगाया गया कि दिल्ली जल बोर्ड के टेंडर में ऐसी तकनीकी शर्तें शामिल की गईं, जिससे एक खास कंपनी- मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ( M/s Euroteck Environment Pvt. Ltd) को फायदा पहुंचा और प्रतिस्पर्धा सीमित हो गई।

जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई और तकनीक व मीडिया से जुड़ी शर्तों में बदलाव कर एक निजी कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें: NEET-UG पेपर लीक पर SC सख्त! सेंध लगाना हो मुश्किल, सिस्टम में हो तकनीकी बदलाव

Written By: Pradeep Singh