बिहार के सीवान में हुए रोड रेज और गोलीकांड की घटना सामने आई है। पुलिस ने बीजेपी के पूर्व MLC और नेता मनोज सिंह के भांजे की हत्या के मामले में शामिल आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है।
क्या हुआ था पूरा मामला
यह घटना बीते दिन यानी बुधवार (29 अप्रैल) को टाउन थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर–आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास हुई थी। बीजेपी नेता मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह (28) के साथ सड़क किनारे कार में किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी के करीब से गुज़री, जिससे हल्की टक्कर जैसी स्थिति बन गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और फिर मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि दूसरी गाड़ी में मौजूद लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
डॉक्टरों ने हर्ष को किया मृत घोषित
इस गोलीबारी में हर्ष कुमार सिंह और उनके पिता चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। चंदन सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
आरोपी की हुई पहचान
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में हुई। गुरुवार करीब 3 बजे सुबह में पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग भी कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे काबू करने के लिए फायरिंग की, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद अचानक हुआ था या इसके पीछे कोई और वजह भी थी।
Written By Toshi Shah