UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सीएम योगी ने घोषणा की है कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से लगभग 15 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इस ऐलान से लाखों अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं।
'सरकार ने लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की'
रविवार को दिए गए अपने बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के जरिए देश में सबसे अधिक नियुक्तियां करने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस साल भी इसी प्रतिबद्धता के साथ बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चलाया जाएगा।
15 हजार पदों पर होगी भर्ती: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन 15 हजार पदों पर भर्ती पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बिना किसी बाधा के रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया को सरल, निष्पक्ष और तेज बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त कानून लागू
भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी को रोकने के लिए सरकार ने सख्त कानून भी लागू किए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति भर्ती में धांधली करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसमें उम्रकैद की सजा और संपत्ति जब्त करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सख्त नियमों के कारण ही अब तक की भर्तियां पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक पूरी हो सकी हैं।
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद खराब थी, खासकर स्वास्थ्य व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों में भ्रष्टाचार, भेदभाव और अनियमितताओं के कारण राज्य को बीमारू की श्रेणी में धकेल दिया गया था।
इस घोषणा से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस घोषणा से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग इस भर्ती प्रक्रिया को कितनी तेजी और पारदर्शिता से पूरा करता है।
Written By: Geeta Sharma