Bhooth Bangla BO Day 33: भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबे समय बाद अक्षय कुमार को राहत दी है। हॉरर-कॉमेडी जॉनर में बनी यह फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। रिलीज के एक महीने बाद भी सिनेमाघरों में टिके रहने में कामयाब रही है। खास बात यह है कि अक्षय कुमार की पिछली कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थीं, ऐसे में ‘भूत बंगला’ की सफलता को उनके करियर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
फिल्म ने की बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन
फिल्म ने शुरुआती दिनों में शानदार कमाई की थी और अब भी इसकी पकड़ पूरी तरह कमजोर नहीं हुई है। हालांकि 5वें हफ्ते में फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ती दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बावजूद यह लगातार करोड़ों की दौड़ में बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपनी रिलीज के 33वें दिन यानी पांचवें मंगलवार को करीब 90 लाख रुपये का कारोबार किया। दिलचस्प बात यह रही कि 5वें सोमवार को फिल्म की कमाई लगभग 70 लाख रुपये थी,ऐसे में मंगलवार को इसमें करीब 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
फिल्म की लोकप्रियता अभी भी बरकरार
इसी के साथ भारत में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब लगभग 186.91 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि दर्शकों के बीच फिल्म की लोकप्रियता अभी भी बरकरार है। हालांकि अब फिल्म की कमाई लाखों में सिमटती जा रही है,लेकिन इसके बावजूद ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि अगर वीकेंड पर फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है,तो यह 200 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है।
अक्षय कुमार की कब होगी 200 करोड़ क्लब में एंट्री
दरअसल, कोविड-19 के बाद अक्षय कुमार अब तक 200 करोड़ क्लब में एंट्री नहीं कर पाए हैं। उनकी सूर्यवंशी ने करीब 195.04 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था, जबकि हाउसफुल 5 लगभग 198.41 करोड़ रुपये तक पहुंचकर रुक गई थी। दोनों ही फिल्में 200 करोड़ के आंकड़े से बेहद करीब रह गईं। ऐसे में ‘भूत बंगला’ को लेकर फैंस और ट्रेड पंडितों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
फिल्म के 6 वीकेंड पर टिकी सबकी निगाहें
अब सबकी निगाहें फिल्म के 6 वीकेंड पर टिकी हुई हैं। अगर फिल्म अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल रहती है और दर्शकों का सपोर्ट मिलता रहा, तो अक्षय कुमार का लंबे समय से अधूरा 200 करोड़ क्लब का सपना आखिरकार पूरा हो सकता है।
कोविड 19 के बाद अक्षय की फिल्मों की कमाई
हाउसफुल 5: 198.41 करोड़
सूर्यवंशी: 195.04 करोड़
भूत बंगला: 186.91 करोड़ (33 दिन)
ओएमजी 2: 150 करोड़
स्काई फोर्स: 134.93 करोड़
केसरी चैप्टर 2: 94.48 करोड़
सम्राट पृथ्वीराज: 68 करोड़
बड़े मियां छोटे मियां: 66 करोड़
जॉली एलएलबी 3: 65.61 करोड़
राम सेतु: 64 करोड़
Written By: Geeta Sharma