ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार आज देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर गुरुवार, 28 मई को देश की मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह विशेष नमाज अदा की गई। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, मुंबई, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।

दिल्ली की ऐतिहासिक मस्जिदों में उमड़ी भीड़

सुबह 5 बजे से ही जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और विभिन्न ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जामा मस्जिद में विशेष नमाज अदा की गई। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राजधानी में करीब 1,100 पुलिसकर्मियों और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।

उत्तर प्रदेश में भी दिखा उत्साह

लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह और टीले वाली मस्जिद सहित प्रदेशभर की मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।

भोपाल में तय समय पर हुई नमाज

भोपाल में ईद-उल-अजहा के अवसर पर शहर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के समय पहले से निर्धारित किए गए थे। मुख्य ईदगाह में सुबह 6:30 बजे, ताज उल मस्जिद और जामा मस्जिद में सुबह 7 बजे, जबकि मोती मस्जिद में सुबह 7:15 बजे नमाज अदा की गई।

झारखंड में सुबह से शुरू हुए नमाज के सत्र

रांची में अंजुमन इस्लामिया की ओर से डोरंडा, हिंदपीढ़ी समेत विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह 6 बजे से 9 बजे तक अलग-अलग समय पर नमाज के सत्र आयोजित किए गए।

बाजारों में देर रात तक रही रौनक

बकरीद से पहले बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। लोगों ने सूती कुर्ते-पायजामे, टोपी, इत्र, तस्बीह और घर सजाने का सामान खरीदा। महिलाओं ने कपड़े, श्रृंगार सामग्री, फुटवियर और आभूषणों की खरीदारी की, जबकि बच्चों के कपड़ों की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखने को मिली। जिन घरों में हाल ही में निकाह हुआ है या बच्चों का जन्म हुआ है, वहां खास तौर पर बच्चों के लिए खरीदारी की गई। इस बार बकरों की कीमत लाखों में थी।

 

 

Written By Toshi Shah